सेवा पखवाड़ा (17 सितम्बर से 02 अक्टूबर) के दौरान" स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार "अभियान चलायेगा स्वास्थ्य विभाग-उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक
अभियान के दौरान स्वच्छता, रक्तदान, स्वास्थ्य परीक्षण सहित कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम चलाये जायेंगे
सभी जिलों के लिए नामित किये जायेगे नोडल अधिकारी
स्वास्थ्य केन्द्रों पर उपलब्ध करायी जायेगी विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं
लखनऊ: 09 सितम्बर, 2025 : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्म दिवस 17 सितम्बर के शुभ अवसर पर से गांधी जयन्ती 02 अक्टूबर तक मनाये जाने वाले सेवा पखवाड़ा के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किये जायेगे। इसमें स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण कार्यक्रम, रक्तदान शिविर का आयोजन आदि प्रमुख है। इन सभी कार्यक्रमों में स्वास्थ्य विभाग की भूमिका महत्वपूर्ण है। स्वास्थ्य विभाग, सेवा पखवाड़े के दौरान ’’स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’’ अभियान चलायेगा। यह कार्यक्रम प्रदेश के आम जनमानस को समर्पित होने के साथ ही नारी स्वास्थ्य पर केन्द्रित होगा। यह जानकारी प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री ब्रजेश पाठक ने स्वास्थ्य विभाग की एक समीक्षा बैठक के दौरान दी।
स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार
उन्होंने बताया कि 17 सितम्बर से 02 अक्टूबर, 2025 के मध्य स्वास्थ्य विभाग द्वारा चरणबद्ध तरीके से कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम संचालित होगे। इसमें प्रदेश की समस्त स्वास्थ ईकाइयों पर स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जायेगा। इन स्वास्थ्य शिविरों में महिलाओं की विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जांच की जायेगी। रोस्टर के अनुसार स्वास्थ्य केन्द्रों पर विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवायें भी उपलब्ध करायी जायेगी। सभी जिला स्तरीय चिकित्सालयों मेडिकल कालेजों और विशिष्ट चिकित्सालयों में रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जायेगा। उन्होंने कहा कि सभी जनपदांे के लिए नोडल अधिकारी नामित कर निरीक्षण एवं अनुश्रवण कराया जायेगा।
रक्तदान अभियान
उपमुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिये कि रक्तदान अभियान के दौरान सभी चिकित्सालय भण्डारण क्षमता के अनुरूप ही रक्त का संग्रहण कराये। रक्तदाताओं की संख्या अधिक होने पर उनका पंजीकरण कराकर भविष्य के लिए उनका विवरण सुरक्षित रख ले। स्वास्थ्य शिविरों में निजी क्षेत्रों की इकाइयों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाये। स्वास्थ्य शिविरों के आयोजन हेतु स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, ग्राम्य विकास, पंचायती राज आदि विभागों से समन्वय स्थापित कर आशा, आंगनबाड़ी, एनम, सीएचओ की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाये। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सभी स्वास्थ्य शिविरों का उद्घाटन उपलब्ध स्थानीय, मा0 सांसदों, विधायकों व अन्य उपलब्ध जनप्रतिनिधिगण से कराया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि सेवा पखवाड़ा 17 सितम्बर से प्रारम्भ होगा। उसके पूर्व सभी स्वास्थ्य इकाईयों पर साफ सफाई से संबंधित कार्य पूर्ण कर दिया गया है।
समीक्षा बैठक में प्रमुख सचिव चिकित्सा शिक्षा, चिकित्सा स्वास्थ्य पार्थीसेन शर्मा, महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा श्रीमती किंजल सिंह, महानिदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य रतनपाल सिंह सुमन सहित स्वास्थ्य विभाग के सभी प्रमुख उच्चाधिकारीगण के साथ ही सभी मेडिकल कालेजों के प्रधानाचार्यों के साथ सभी जिला के सीएमओ वर्चुअली जुडे़ थे।
Post a Comment