संविधान के साथ खिलवाड़ किया जा रहा, महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार चरम पर- अखिलेश यादव
दिनांक- 03.09.2025 : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि उत्तर प्रदेश से सामाजिक न्याय के राज की स्थापना और अन्याय को मिटाने के लिए भाजपा को सत्ता से हटाना आवश्यक है। भाजपा सरकार में निर्दोषों को झूठे मुकदमें में फंसाया जाता है। संविधान के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार चरम पर हैं प्रशासन का दुरुपयोग हो रहा है। भाजपा सरकार ने शिक्षा, और स्वास्थ्य व्यवस्था बर्बाद कर दिया। अस्पतालों में दवा, इलाज नहीं मिल पा रहा है। एम्बुलेंस सेवाएं ठप्प है।
समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पर विभिन्न जिलों से आये नेताओं और कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा की केन्द्र सरकार का तीसरा कार्यकाल है लेकिन देश की जनता को परेशानी और तबाही के सिवा क्या मिला? सरकार बताए कि नोटबंदी का परिणाम क्या रहा? प्रधानमंत्री जी के क्षेत्र में भी विकास क्यों नहीं हुआ? वाराणसी में आयी बाढ़ की भयावह स्थिति को सभी ने देखा। भाजपा ने झूठे सपने दिखाकर लोगों को विनाश के कगार पर पहुंचा दिया।
इस अवसर पर नेता विरोधी दल माता प्रसाद पाण्डेय, राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, शिक्षक सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो0 बी पाण्डेय, पूर्व मंत्री नरेन्द्र वर्मा, श्रीमती विजमा यादव, अताउर्रहमान, कमला कांत राजभर, शोएब अंसारी सभी विधायकगण, पूर्व मंत्री शेख सुलेमान एवं सलामतुल्ला आदि नेताओं सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
Post a Comment