बिजनौर : स्वतंत्रता दिवस पर कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी ने किया ध्वजारोहण
रिपोर्ट : शकील अहमद, बिजनौर
बिजनौर, 15 अगस्त। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को जिलाधिकारी जसजीत कौर ने कलेक्ट्रेट परिसर में ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के उपरांत उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा राष्ट्रगान एवं राष्ट्रीय गीत का गायन किया गया तथा देश की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले अमर शहीदों एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। कार्यक्रम के दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी लेखराज सिंह, पूर्व सैनिकों आदि को सम्मानित किया गया।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी जसजीत कौर ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, पूर्व सैनिकों एवं अन्य विशिष्टजनों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं वीर सैनिकों का त्याग और बलिदान देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उनके संघर्ष और बलिदान के कारण ही आज हम स्वतंत्र भारत में अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के साथ जीवन व्यतीत कर रहे हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें देश की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता को बनाए रखने तथा राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देने की प्रेरणा देता है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि देश की प्रगति में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है। हम सभी को अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए विकसित एवं सशक्त भारत के निर्माण में योगदान देना चाहिए। इस अवसर पर विभिन्न प्रशासनिक अधिकारियों ने अपने-अपने विचार भी व्यक्त किये। कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति एवं राष्ट्रप्रेम की भावना से वातावरण ओत-प्रोत रहा। कार्यक्रम में स्कूली छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुति भी दी। इस अवसर पर कलेक्ट्रेट के अधिकारी एवं कर्मचारी सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।




Post a Comment