करोड़ों की संपत्ति के मालिक अनिल कुमार सोती की हत्या का खुलासा, दो महिलाओं समेत चार गिरफ्तार
रिपोर्ट : शकील अहमद, बिजनौर
करोड़ों की संपत्ति के मालिक अनिल कुमार सोती की हत्या का खुलासा, दो महिलाओं समेत चार गिरफ्तार
घर में मृत मिले थे अनिल सोती, अचानक हुई हत्या से शहर में मचा था हड़कंप; संपत्ति विवाद समेत कई पहलुओं पर पुलिस ने की गहन जांच
बिजनौर : शहर में सनसनी मचा देने वाले अनिल कुमार सोती हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। करोड़ों रुपये की संपत्ति के मालिक और निःसंतान अनिल कुमार सोती अपने घर में मृत अवस्था में मिले थे। अचानक हुई हत्या की खबर से पूरे शहर में हड़कंप मच गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस सक्रिय हुई और लगातार जांच करते हुए आखिरकार हत्या में शामिल दो महिलाओं समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
पुलिस के मुताबिक, सात अगस्त को अनिल कुमार सोती की हत्या के मामले में उनके भांजे आलोक शर्मा की तहरीर पर कोतवाली शहर में मुकदमा दर्ज किया गया था। शुरुआत में गौरव सोती, प्रॉपर्टी डीलर शैलेन्द्र खन्ना, सुनील खन्ना और नावेद आढ़ती समेत अन्य के खिलाफ आरोप लगाए गए थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अलग-अलग बिंदुओं पर जांच शुरू की।
विवेचना आगे बढ़ी तो निशा उर्फ अंजुम परवीन, अलीमुद्दीन, सुभाष, हीना और अधिवक्ता राजनारायण के नाम सामने आए। पुलिस के अनुसार, अनिल सोती की कोई संतान नहीं थी और उनकी जमीन को लेकर पारिवारिक एवं कानूनी विवाद चल रहा था। इसी संपत्ति को हत्या की साजिश का प्रमुख कारण बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में सामने आया कि अनिल सोती को पहले झूठे मुकदमे में फंसाने की योजना बनाई गई थी। योजना सफल नहीं होने पर उन्हें रास्ते से हटाने की साजिश रची गई। आरोप है कि हत्या के लिए निशा को 10 लाख रुपये देने का वादा किया गया था और 80 हजार रुपये पेशगी दिए गए थे।
जांच में सामने आया कि हत्या से पहले आरोपियों ने अनिल सोती की रेकी की। छह अगस्त को निशा, अलीमुद्दीन और हीना दिल्ली से बिजनौर पहुंचे और सुभाष को भी मौके पर बुलाया गया। आरोप है कि अलीमुद्दीन, हीना और सुभाष बाहर निगरानी करते रहे, जबकि निशा मौका पाकर अनिल सोती के घर में दाखिल हुई और काले नाड़े से गला घोंटकर उनकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपी नूरपुर पहुंचे और वहां से टैक्सी के जरिए दिल्ली चले गए। पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद आरोपियों को मुकदमा दर्ज होने की जानकारी हुई। इसके बाद वे अधिवक्ता से मिलने के लिए बिजनौर आए, जहां पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
28,240 रुपये और हत्या में प्रयुक्त नाड़ा बरामद
कोतवाली शहर पुलिस ने गिरफ्तार चारों आरोपियों के कब्जे से 28,240 रुपये और घटना में प्रयुक्त काला नाड़ा बरामद किया है। पुलिस अब मामले में नामजद अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है। गौरव सोती समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ साक्ष्य संकलन की कार्रवाई जारी है।
अनिल कुमार सोती की अचानक हुई हत्या ने शहर में कई सवाल खड़े कर दिए थे। करोड़ों की संपत्ति के मालिक और निःसंतान सोती की घर के भीतर हत्या ने लोगों को झकझोर दिया था। घटना के बाद पुलिस पर हत्यारों तक पहुंचने की चुनौती थी, जिसे पुलिस ने लगातार जांच और साक्ष्य जुटाकर पूरा किया। अब पुलिस की जांच इस हत्याकांड की पूरी साजिश और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका पर केंद्रित है।

Post a Comment