बिजनौर: महात्मा विदुर मेडिकल कॉलेज की आवासीय कॉलोनी में रात में डीजे और आतिशबाजी, डांस पार्टी
रिपोर्ट शकील अहमद बिजनौर
बिजनौर: महात्मा विदुर स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय (Mahatma Vidur Autonomous State Medical College) की मेडिकल कॉलोनी से एक मामला सामने आया।
कॉलेज के ठीक सामने स्थित आवासीय परिसर में बीती रात लगभग 10 बजे जूनियर रेजिडेंट (JR), सीनियर रेजिडेंट (SR), इंटर्न्स और युवा डॉक्टरों द्वारा जमकर हुड़दंग किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा।
डीजे, तेज संगीत और आतिशबाजी का खुला खेल
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मेडिकल कॉलेज परिसर के भीतर रात करीब 10 बजे तेज आवाज में डीजे बजाकर पार्टी और जश्न मनाया गया। वायरल वीडियो में छात्र-छात्राएं और डॉक्टर रंग-बिरंगी लाइट्स और स्मोक/फॉघ के बीच डांस करते साफ नजर आ रहे हैं। इस दौरान जमकर आतिशबाजी (पटाखे) की गई और खुलेआम नियमों की धज्जियां उड़ाई गईं। परिसर में शराब और बियर के सेवन की चर्चाओं ने इस मामले को और अधिक गंभीर बना दिया है, जिससे आसपास का माहौल काफी अमर्यादित हो गया था।
मरीजों और स्थानीय निवासियों की नींद में खलल
चिकित्सा संस्थान और अस्पताल परिसर के इतने समीप इस तरह का अंधाधुंध शोर-शराबा, हुड़दंग और आतिशबाजी होने के कारण वहां आसपास मौजूद मरीजों, उनके तीमारदारों और स्थानीय मेडिकल कॉलोनी में रहने वाले अन्य परिवारों को भारी असुविधा व मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ा।
अनुशासन पर उठे गंभीर सवाल
एक प्रतिष्ठित मेडिकल संस्थान के जिम्मेदार चिकित्सकों और इंटर्न्स द्वारा इस प्रकार का आचरण और अनुशासनहीनता बड़ा सवाल खड़ा करती है। स्थानीय प्रबुद्धजनों और नागरिकों ने इस पर गहरा रोष व्यक्त किया है। अब देखना यह होगा कि इस मामले में कॉलेज प्रशासन क्या सख्त संज्ञान लेता है और क्या कार्रवाई करता है।

Post a Comment