बिजनौर के जजी चौराहे पर ड्रामा: कोर्ट मैरिज करने गए प्रेमी जोड़े को परिजनों ने रोका
रिपोर्ट शकील अहमद बिजनौर
बिजनौर : बिजनौर के जजी चौराहे पर आज उस समय जमकर हंगामा हो गया, जब एक प्रेमी जोड़ा कोर्ट मैरिज करने के लिए पहुंचा था।
बताया जा रहा है कि बढ़ापुर थाना क्षेत्र के शाहलीपुर के रहने वाले एक युवक और युवती काफी समय से एक-दूसरे से प्यार करते हैं। दोनों आज अपनी शादी को कानूनी रूप देने के लिए बिजनौर के जजी (कचहरी) में कोर्ट मैरिज करने पहुंचे थे।
जैसे ही दोनों जजी चौराहे पर पहुंचे, तभी वहां युवती के परिजन आ गए। परिजनों ने युवती को जबरदस्ती अपनी ओर खींचने और अपने साथ ले जाने का प्रयास किया।
लेकिन युवती ने परिजनों का जमकर विरोध किया और अपने प्रेमी का साथ नहीं छोड़ा। कहते हैं प्यार अंधा होता है आज यह कहावत सच साबित हुई। प्रेम में अंधी युवती ने अपने प्रेमी का पूरा साथ दिया।
हंगामे को देखकर चौराहे पर भारी भीड़ जमा हो गई। भीड़ का फायदा उठाकर युवक और युवती किसी तरह जजी कैंपस के अंदर दाखिल हो गए। यह नजारा देख युवती के परिजन खाली हाथ वापस लौट गए।
मामले पर बिजनौर कोतवाली प्रभारी अवनीत मान ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची थी, लेकिन वहां कोई नहीं मिला। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है और किसी को भी कानून हाथ में नहीं लेने दिया जाएगा।

Post a Comment