बिजनौर : एसपी के.के. बिश्नोई ने दो पहिया वाहन चालकों के लिए जारी की नई गाइडलाइन, संडे तक नहीं होगा चालान, बाइक सवारों को पुलिस दिलवाएगी हेलमेट
रिपोर्ट : शकील अहमद, बिजनौर
बिजनौर : जनपद में बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के.के. बिश्नोई ने दो पहिया वाहन चालकों के लिए बड़ी राहत और जागरूकता से भरी गाइडलाइन जारी की है।
एसपी ने साफ कहा है कि रविवार, 04 अक्टूबर 2026 तक जिले में बिना हेलमेट के कोई चालान नहीं होगा इस दौरान पुलिस चालान काटने की बजाय बाइक सवारों को रोककर फ्री हेलमेट वितरित करेगी और उन्हें जागरूक करेगी। लेकिन संडे के बाद बिना हेलमेट वालों के खिलाफ 100 प्रतिशत सख्त कार्रवाई होगी।
"मोबाइल पर स्क्रीन गार्ड, पर जीवन के स्क्रीन गार्ड यानी हेलमेट को भूल जाते हैं" - एसपी बिश्नोई
यातायात जागरूकता के संबंध में एसपी बिजनौर ने कहा -
> "हाल में हो रही सड़क दुर्घटनाओं में मोटरसाइकिल सवारों की दुर्घटनाओं के मामलों में हेलमेट न पहनना एक प्रमुख कारण सामने आया है। लोग अपने मोबाइल की सुरक्षा के लिए मोबाइल पर स्क्रीन गार्ड को अवश्य लगाते हैं, लेकिन अपने जीवन का स्क्रीन गार्ड यानी हेलमेट यात्रा करते समय नहीं लगाते हैं, जो कि बहुत ही चिंताजनक विषय है।"
क्या है नई गाइडलाइन?
04.10.2026 रविवार तक विशेष जागरूकता अभियान, जनपदवासियों को हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित किया जाएगा। पुलिस चौराहों पर रोककर चालान नहीं, बल्कि हेलमेट का महत्व समझाएगी और जरूरतमंदों को फ्री हेलमेट भी देगी।
रविवार के बाद शत-प्रतिशत कार्रवाई: रविवार के बाद हेलमेट नियम का शत-प्रतिशत अनुपालन कराया जाएगा। उल्लंघन करने पर चालान, वाहन सीज और लाइसेंस निरस्तीकरण तक की कार्रवाई की जाएगी।
दोनों सवारों के लिए हेलमेट जरूरी: दोपहिया वाहन पर आगे वाले और पीछे बैठने वाले दोनों व्यक्तियों को हेलमेट पहनना अनिवार्य है।
अभिभावकों से अपील: 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को वाहन बिल्कुल न दें और ट्रिपल राइडिंग से भी बचें। बिजनौर पुलिस ने सभी जनपदवासियों से अपील की है कि स्वयं सुरक्षित रहें और अपने परिवार को भी सुरक्षित रखें तथा वाहन चलाते समय हेलमेट, सीट बेल्ट सहित सभी यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें।
बाइट: के.के. बिश्नोई, पुलिस अधीक्षक, जनपद बिजनौर

Post a Comment