बिजनौर : नोडल अधिकारी ने किया ग्राम पंचायत शरीफपुर में ग्रामीण पाइप पेयजल योजना के कार्यों का निरीक्षण
रिपोर्ट शकील अहमद बिजनौर
बिजनौर 29 सितंबर। उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) के प्रबंध निदेशक एवं जनपद के नोडल अधिकारी योगेश कुमार ने मंगलवार को विकासखंड हल्दौर की ग्राम पंचायत शरीफपुर में ग्रामीण पाइप पेयजल योजना के अंतर्गत कराए गए कार्यों का अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नोडल अधिकारी ने ओवरहेड वॉटर टैंक, पंप रूम एवं स्थापित सोलर पैनल सहित योजना से संबंधित विभिन्न कार्यों का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों से कार्य की प्रगति एवं संचालन के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
नोडल अधिकारी ने ओवरहेड वॉटर टैंक तक जाने वाली सीढ़ी के ऊपर जाल लगाने के निर्देश दिए, ताकि टैंक के निरीक्षण एवं आवश्यक रखरखाव के कार्य सुगमता से किए जा सकें। उन्होंने टैंक परिसर में लगाए गए सोलर पैनल तथा पंप रूम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि निर्मित ओवरहेड वॉटर टैंक की अनुमानित कार्यशील अवधि 30 वर्ष है। योजना के संचालन में विद्युत आपूर्ति की वैकल्पिक व्यवस्था के लिए 23 किलोवाट क्षमता के सोलर पैनल भी स्थापित किए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान नोडल अधिकारी ने ग्रामीणों से पाइप पेयजल योजना के माध्यम से की जा रही जलापूर्ति तथा पेयजल की शुद्धता एवं नियमितता के संबंध में फीडबैक लिया। ग्रामीणों से प्राप्त जानकारी के आधार पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पेयजल की गुणवत्ता एवं नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
नोडल अधिकारी ने पंप ऑपरेटर से पंप के संचालन के समय की जानकारी लेने के साथ ही उसके वेतन के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजना के संचालन में कार्यरत कार्मिकों को श्रम कानूनों के प्रावधानों के अनुरूप वेतन एवं अन्य देय सुविधाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के दौरान उन्हें अवगत कराया गया कि ग्राम पंचायत शरीफपुर में ग्रामीण पाइप पेयजल योजना का कार्य वीटीएल इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड द्वारा कराया गया है।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी रणविजय सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट स्मृति मिश्रा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।





Post a Comment