BREAKING NEWS

Big story

News

बिजनौर : प्रशासन का अतिक्रमण हटाओ अभियान, तीन व्यापारी हिरासत में

बिजनौर : प्रशासन का अतिक्रमण हटाओ अभियान, तीन व्यापारी हिरासत में

जेसीबी से हटाया गया अतिक्रमण, व्यापारियों में अफरा-तफरी, कार्रवाई को लेकर उठे सवाल

रिपोर्ट : शकील अहमद, बिजनौर 

बिजनौर : प्रशासन का अतिक्रमण हटाओ अभियान, तीन व्यापारी हिरासत में

बिजनौर : शहर में अतिक्रमण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमवार को नगर पालिका परिषद की टीम ने पुलिस बल के साथ कार्रवाई की। नगर पालिका चौक से बुल्ला के चौराहे तक चलाए गए अभियान में सड़क किनारे और दुकानों के सामने किए गए अस्थायी अतिक्रमण को जेसीबी की मदद से हटाया गया। कार्रवाई शुरू होते ही मौके पर व्यापारियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।



बिजनौर : प्रशासन का अतिक्रमण हटाओ अभियान, तीन व्यापारी हिरासत में

अभियान के दौरान बुल्ला के चौराहे पर कुछ व्यापारियों ने नाले के ऊपर बनी बिल्डिंग को भी हटाए जाने की मांग की। इसको लेकर मौके पर हंगामा हो गया। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने हंगामा कर रहे तीन व्यापारियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने मौके पर मौजूद अन्य लोगों को भी वहां से हटाया, जिसके बाद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई दोबारा सुचारू रूप से शुरू कर दी गई।

छोटे व्यापारियों ने उठाए सवाल

अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर कुछ व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि व्यापारी पहले से ही महंगाई और आर्थिक परेशानियों से जूझ रहे हैं। ऐसे में अतिक्रमण हटाने के अभियान के दौरान छोटे दुकानदारों को अधिक परेशान किया जा रहा है।






कुछ व्यापारियों ने आरोप लगाया कि प्रशासन की कार्रवाई मुख्य रूप से छोटे दुकानदारों तक ही सीमित नजर आ रही है, जबकि बड़े और पूंजीपति व्यापारियों द्वारा किए गए कथित अतिक्रमण पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं की जाती। व्यापारियों का कहना है कि यदि अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया जा रहा है तो सभी के खिलाफ बिना भेदभाव समान रूप से कार्रवाई की जानी चाहिए।

स्थानीय लोगों ने आबकारी पुलिस चौकी के पास स्थित एक अस्पताल की अस्थायी पार्किंग का हवाला देते हुए भी सवाल उठाए। उनका आरोप है कि वहां सार्वजनिक स्थान पर बनी अस्थायी पार्किंग के खिलाफ अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। लोगों का कहना है कि प्रशासन को अतिक्रमण हटाने के अभियान में किसी प्रकार का भेदभाव किए बिना सभी स्थानों पर समान कार्रवाई करनी चाहिए।

वहीं नगर पालिका अधिकारियों का कहना है कि सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अतिक्रमण को नियमानुसार हटाया जा रहा है। अधिकारियों ने व्यापारियों और दुकानदारों से अपील की है कि वे स्वयं अपना अतिक्रमण हटा लें। निर्धारित सीमा से बाहर किए गए अतिक्रमण को नगर पालिका की टीम द्वारा हटाया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार अतिक्रमण हटाओ अभियान आगे भी जारी रहेगा।





Post a Comment