बिजनौर डीएम जसजीत कौर ने ट्रैक्टर पर बैठकर बाढ़ ग्रस्त क्षेत्र का किया दौरा
जिलाधिकारी ने अधिकारियों के साथ किया तहसील नगीना के विभिन्न संभावित बाढ़ क्षेत्र का दौरा
ग्रामीणों से वार्ता कर दिया हर संभव मदद का आश्वासन
ट्रैक्टर ट्रॉली पर सवार होकर किया प्रभावित क्षेत्र का दौरा
रिपोर्ट :शकील अहमद, बिजनौर
बिजनौर, 19 अगस्त। जिलाधिकारी जसजीत कौर द्वारा बुधवार को अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व), उपजिलाधिकारी नगीना, क्षेत्राधिकारी नगीना, नायब तहसीलदार बढ़ापुर एवं नगीना तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ ग्राम मुरादबख्शपुर उर्फ मतवाली एवं कादरगंज का स्थलीय निरीक्षण किया गया। अधिकारियों द्वारा ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर नदी के तट का भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया गया तथा मौके पर मौजूद ग्रामीणों से उनकी समस्याओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई।
मंगलवार को तहसील नगीना के परगना बढ़ापुर क्षेत्र के ग्राम मुरादबख्शपुर उर्फ मतवाली में पानी का जलस्तर बढ़ने के कारण गांव में पानी प्रवेश कर गया। ग्रामीणों द्वारा इसकी सूचना उपजिलाधिकारी नगीना को दी गई। सूचना प्राप्त होते ही उपजिलाधिकारी नगीना द्वारा अपनी राजस्व टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों की अगुवाई की गई।
जिलाधिकारी जसजीत कौर द्वारा बुधवार को निरीक्षण के दौरान ग्राम मुरादबख्शपुर एवं कादरगंज के ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना गया। इसके अतिरिक्त ग्राम में निवासरत वन गुर्जर समुदाय के लोगों से भी वार्ता कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली गई। इस दौरान ग्रामीणों को नदी के पानी से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने तथा नदी के तट से पर्याप्त दूरी बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि प्रशासन द्वारा प्रभावित क्षेत्र की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा ग्रामीणों की सुरक्षा एवं सहायता के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। साथ ही संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया।
बाइट : जसजीत कौर, डीएम बिजनौर




Post a Comment