बिजनौर : 14 माह के बच्चे को दो लाख में खरीदकर पांच लाख में बेचने का आरोप, 6 गिरफ्तार
रिपोर्ट : शकील अहमद, बिजनौर
बिजनौर : एसपी के के विश्नोई ने 14 माह के एक बालक की कथित खरीद-फरोख्त के मामले का खुलासा करते हुए जानकारी दी कि 14 माह के एक बालक की कथित खरीद-फरोख्त के मामले छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बालक को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में बालक को पहले करीब दो लाख रुपये में लिए जाने और बाद में पांच लाख रुपये में दूसरे दंपती को दिए जाने की बात सामने आई है। मामले में रुपये के लेन-देन के बाद बालक के माता-पिता को अतिरिक्त धनराशि दिए जाने का भी पुलिस ने दावा किया है।
पुलिस के अनुसार, 28 सितंबर 2026 को ताजुद्दीन पुत्र मेहंदी हसन निवासी ग्राम भूरापुर, थाना नगीना ने पुलिस को तहरीर दी थी। तहरीर में बताया गया कि उसकी बहन शबनम पत्नी फरमान निवासी ग्राम नैनपुरा का 14 माह का पुत्र पालन-पोषण के लिए शफीकन पत्नी फरीद और फरीद पुत्र अब्दुल रशीद निवासी ग्राम नैनपुरा को दिया गया था। आरोप है कि बालक को अन्य लोगों के साथ मिलकर बेच दिया गया। वहीं गिरफ्तार आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि शबनम और फरमान के पहले से चार बच्चे थे। बाद में उनके जुड़वां बच्चे पैदा हुए, जिनमें एक लड़का और एक लड़की थी। आर्थिक परेशानी के चलते करीब 15 दिन के पुत्र को देने का निर्णय लिया गया।
पुलिस के मुताबिक, शफीकन के माध्यम से जितेंद्र कुमार उर्फ विक्की, कपिल उर्फ राजवीर और अन्य लोगों ने उक्त बालक को 28 अगस्त 2025 को दो लाख रुपये देकर लिया। इसके बाद बालक को संतान की तलाश कर रहे प्रीतम सैनी और सलोचना को कथित तौर पर पांच लाख रुपये में दिया गया।
अस्पताल में कराया गया लेन-देन
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सामने आया कि बालक के लेन-देन के दौरान अस्पतालों का भी इस्तेमाल किया गया। पुलिस का कहना है कि रुपये का लेन-देन रोनक हॉस्पिटल में डॉ. कपिल उर्फ राजवीर के माध्यम से कराया गया, जबकि बालक का कथित लेन-देन पीयूष हॉस्पिटल में डॉ. जितेंद्र कुमार द्वारा कराया गया।
पुलिस के मुताबिक, पांच लाख रुपये में बालक दिए जाने के बाद प्राप्त धनराशि को आरोपियों ने आपस में बांट लिया। बाद में बालक के माता-पिता को जब इस बात की जानकारी हुई कि बच्चे को अधिक रकम में दिया गया है और उन्होंने शिकायत करने की बात कही तो उन्हें डेढ़ लाख रुपये अतिरिक्त दिए गए।
छह आरोपी गिरफ्तार, बच्चा बरामद
नगीना पुलिस ने विवेचना में प्रकाश में आए जितेंद्र कुमार उर्फ विक्की, कपिल उर्फ राजवीर, फरमान, शफीकन, शबनम और सलोचना को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बालक को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया।
के के बिश्नोई, पुलिस अधीक्षक, बिजनौर


Post a Comment