BREAKING NEWS

Big story

News

बिजनौर : 16 से 30 नवंबर तक चलेगा स्व गणना का कार्य, 1 दिसंबर से घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक

बिजनौर : 16 से 30 नवंबर तक चलेगा स्व गणना का कार्य, 1 दिसंबर से घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक

रिपोर्ट शकील अहमद बिजनौर 

जनगणना 2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत स्व गणना कार्य का सीडीओ ने किया शुभारंभ

16 से 30 नवंबर तक चलेगा स्व गणना का कार्य, 1 दिसंबर से घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक

बिजनौर : 16 से 30 नवंबर तक चलेगा स्व गणना का कार्य, 1 दिसंबर से घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक

बिजनौर 16 नवंबर। मुख्य विकास अधिकारी रणविजय सिंह ने सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा विदुर सभागार में जनगणना 2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत स्व गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) कार्य का फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने जनपदवासियों से स्व गणना प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करने तथा निर्धारित समयावधि में अपने परिवार की सही एवं पूर्ण जानकारी दर्ज कराने की अपील की।

उन्होंने बताया कि जनगणना 2027 के अंतर्गत स्व गणना का कार्य 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक संचालित किया जाएगा। इसके उपरांत 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर जनगणना का कार्य संपन्न कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि स्व गणना की प्रक्रिया पूरी करने के बाद प्राप्त जनगणना आईडी (एसईआईडी) को सुरक्षित रखना अत्यंत आवश्यक है। जब 1 दिसंबर के बाद प्रगणक घर पर पहुंचें, तो उन्हें यह आईडी अवश्य उपलब्ध कराएं, जिससे दर्ज की गई जानकारी का सत्यापन किया जा सके।






मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि जनपद बिजनौर की वर्तमान अनुमानित जनसंख्या 43 लाख 56 हजार 35 है। जनगणना के अंतर्गत एक दिन के नवजात शिशु से लेकर युवा एवं बुजुर्ग सहित सभी आयु वर्ग के व्यक्तियों की गणना की जाएगी। स्व गणना के दौरान प्रत्येक व्यक्ति से संबंधित 40 प्रकार के प्रश्नों की जानकारी निर्धारित प्रारूप में दर्ज करनी होगी। परिवार के एक सदस्य को मुखिया बनाकर परिवार के सभी सदस्यों का विवरण अलग-अलग भरना होगा। इसमें प्रत्येक सदस्य का नाम, पिता एवं माता का नाम, जन्मतिथि सहित अन्य आवश्यक व्यक्तिगत जानकारियां शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि स्व गणना के दौरान प्रत्येक व्यक्ति की मातृभाषा के साथ-साथ उसके द्वारा जानी जाने वाली अन्य दो भाषाओं की जानकारी भी दर्ज करनी होगी। इसके अतिरिक्त अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति से संबंधित जानकारी भी मांगी जाएगी, हालांकि यह प्रश्न वैकल्पिक रखा गया है। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि स्व गणना के दौरान सभी जानकारियां सावधानीपूर्वक एवं सही-सही भरें, ताकि जनगणना का कार्य शुद्धता और पारदर्शिता के साथ संपन्न हो सके।

स्व गणना की सुविधा के लिए भारत सरकार द्वारा निर्धारित पोर्टल se.census.gov.in पर ऑनलाइन जानकारी दर्ज की जा सकती है। इसके अतिरिक्त किसी भी प्रकार की जानकारी अथवा सहायता के लिए टोल फ्री नंबर 18001801855 पर संपर्क किया जा सकता है।

उन्होंने बताया कि जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत जनपद बिजनौर में कुल 11,33,323 मकानों को सूचीबद्ध किया गया था। जनगणना का कार्य देश की विकास योजनाओं एवं नीतियों के निर्धारण के लिए महत्वपूर्ण आधार प्रदान करता है, इसलिए प्रत्येक नागरिक की सहभागिता एवं सही जानकारी का विशेष महत्व है।

कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सहित अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों ने स्व गणना का कार्य स्वयं  करते हुए अपने से संबंधित 40 प्रश्नों को भरा व अपनी सवगणना आईडी को संरक्षित किया।

 अधिकारियों ने जनपद वासियों से अपील की कि वह भी स्व गणना की आईडी के कार्यों में बढ चढ़कर हिस्सा लें तथा आगामी 30 नवंबर तक निर्धारित पोर्टल पर अपने से संबंधित सूचनाओं भरे तथा अपने पारिवारिक सदस्यों आदि की भी जानकारी भरने में सहायक हो। यह एक राष्ट्रीय हित का कार्य है और सभी को मिलकर इसको पूर्ण करना है।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व देवेंद्र पाल सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन सहित संबंधित विभागों के अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Post a Comment