लखनऊ- समाजवादी पार्टी में बड़े नेताओं की ज्वाइनिंग, पूर्व मंत्री राकेश त्यागी सपा में शामिल पूर्व MLA अरशद खान,अनीस सपा में शामिल, NSUI के कई बड़े नेताओं ने सपा ज्वाइन की, रवीन्द्र कश्यप, उत्तम चंद्र लोधी सपा में शामिल, अखिलेश यादव ने पार्टी ज्वाइन कराई
लखनऊ- सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने कहा कि 2022 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी प्रदेश के लोग आज तकलीफ में हैं, विधानसभा चुनाव देश का चुनाव होगा, सपा में हम सबको जोड़ेंगे, कोरोना के टेस्ट नहीं हो पा रहे हैं, जरूरत की दवाएं खत्म हो चुकी हैं, वैक्सीन के बाद भी लोग परेशान हैं सरकार पर अखिलेश का बड़ा हमला, यूपी में कोरोना पर कुप्रबंधन, कोरोना हैंडल करने में फेल हो गई सरकार, शामली में रेबीज का इंजेक्शन लगा दिया, कोरोना की जगह रेबीज इंजेक्शन लगाया, मरीज सड़क पर पड़ा हुआ है, जरूरत की दवाएं अस्पताल में नहीं, लोगों की जान ज्यादा जा रही है, वैक्सीन के बाद भी कोरोना हो रहा
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव के नेतृत्व पर आस्था जताते हुए आज बसपा, भाजपा और कांग्रेस पार्टी छोड़कर आये कई वरिष्ठ नेताओं ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। सभी ने सन् 2022 के होने वाले विधान सभा चुनावों में समाजवादी पार्टी को बहुमत दिलाने और अखिलेश जी को मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बिठाने के लिए बूथस्तर तक सक्रिय रूप से काम करने का संकल्प दुहराया है।
श्री अखिलेश यादव ने समाजवादी पार्टी में शामिल सभी नेताओं तथा उनके साथ आए कार्यकर्ताओं का स्वागत किया तथा उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा पार्टी को इनके आने से मजबूती मिलेगी।
आज भाजपा छोड़कर आये सियाना जिला बुलन्दशहर के पूर्व मंत्री उत्तर प्रदेश सरकार श्री राकेश त्यागी, जिला पंचायत सदस्य फतेहाबाद आगरा श्री हेमंत निषाद, बरेली के अधिवक्ता श्री रामेन्द्र कश्यप, फिरोजाबाद अलीगढ़ के पूर्व संगठन मंत्री श्री बृजेश कुमार गौतम, अखिल भारतीय लोधी महासभा के प्रदेश अध्यक्ष श्री उत्तम चन्द्र राकेश लोधी और कांग्रेस छोड़कर पूर्वमंत्री अनीसुर्रहमान शेरवानी के पुत्र श्री अयाज शेरवानी, पूर्व विधायक श्री अशरद खान पूरनपुर जिला पीलीभीत, अतरौली अलीगढ़ के पूर्व प्रत्याशी श्री अश्वनी शर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष सम्भल श्रीमती बिमलेश कुमारी, पूर्व प्रत्याशी शाहजहांपुर श्री ब्रह्मस्वरूप सागर, बदायूं के श्री साजिद अली, प्रयागराज के श्री तारिक सईद समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए।
बसपा छोड़कर आये बरेली शहर के पूर्व प्रत्याशी इं0 अनीस अहमद तथा श्री रिज़वान के अतिरिक्त सेवानिवृत्त बेसिक एजूकेशन अफसर, फतेहाबाद आगरा के डॉ0 बच्चू सिंह निषाद ने भी समाजवादी पार्टी की सदस्यता ली।
आज के सदस्यता ग्रहण समारोह में कांग्रेस के छात्र संगठन एनएसयूआई के पदाधिकारी बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी में शामिल हुए। इनमें प्रमुख हैं सर्वश्री सैय्यद फरहान अली प्रदेश उपाध्यक्ष, जाहिद गाजी जिलाध्यक्ष बदायूं, निखिल कुमार जिलाध्यक्ष बरेली एवं जसपाल सिंह जिलाध्यक्ष पीलीभीत।
इस अवसर पर सर्वश्री सलीम शेरवानी पूर्व सांसद, नरेश उत्तम पटेल प्रदेश अध्यक्ष, अरविन्द कुमार सिंह एमएलसी, आईबी सिंह एडवोकेट की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने कहा है कि आगामी वर्ष 2022 में उत्तर प्रदेश का चुनाव देश का चुनाव होगा। पश्चिम बंगाल ने दिखाया है कि भाजपा किसी भी स्तर पर जाकर चुनाव लड़ती है। उसके लिए आदमी की जान से ज्यादा चुनाव जीतना जरूरी है। देश-प्रदेश में तमाम लोग परेशानियों से जूझ रहे हैं। वैश्विक महामारी कोरोना ने फिर हम सबको घेर लिया है। ऐसे चक्रव्यूह में फंस गए हैं कि कैसे निकलें? किसी ने ऐसे बुरे और काले दिन नहीं देखे होंगे। भाजपा इस सबसे बेख़बर उत्सव और प्रचार से ही सरकार चला रही है। जनता अब आने वाले समय में बदलाव की तरफ देखेगी। वह तरक्की और खुशहाली के लिए वोट करेगी और भाजपा का सफाया हो जाएगा।
श्री अखिलेश यादव आज पार्टी मुख्यालय में कांग्रेस, बसपा और भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं के बड़ी संख्या में अपने समर्थकों के साथ समाजवादी पार्टी में शामिल होने के अवसर पर पत्रकारों को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने सभी का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि उनके आने से पार्टी को ताकत मिलेगी। पार्टी अपने साथ समाज के सभी वर्गो के लोगों को जोड़ने का काम करेगी।
श्री यादव ने कहा कि आज तमाम लोग परेशानी में है। कितने लोग कोराना के संक्रमण में जान गंवा चुके हैं। इस संकट में गरीब का रोजगार छिन गया। पलायन के दौरान लोगों की जाने चली गई। जिन्हें संकट से बचाव के लिए इंतजाम करना था वे स्टार प्रचारक बनकर झूठ बोलने निकल पड़े हैं। अस्पतालों में न दवाएं हैं, न बेड हैं, नहीं इलाज की व्यवस्था है। पर्याप्त टेस्ट नहीं हो रहे हैं, जो हो रहे हैं उनकी जांच रिपोर्टें बहुत विलम्ब से मिल रही हैं, उसमें भी अनियमितताएं हो रही हैं।
श्री अखिलेश यादव ने कहा कि जिन लोगों को वैक्सीन लगी है, वे भी संक्रमित हो रहे हैं। चिकित्सा संस्थानों तक में यह रोग फैला है, शामली उत्तर प्रदेश में कोरोना के टीके की जगह कुत्तों के काटने पर लगने वाला टीका लगा दिया गया। यह दर्दनाक है। यह कैसी व्यवस्था है कि न तो वैक्सीन से बचाव हो रहा है और नहीं संक्रमितों की सही से देखभाल हो रही है। स्वास्थ्य सेवाएं चरमरा गई हैं।
हर तरफ अराजकता है। मंहगाई थम नहीं रही है। किसान पर तीन काले कृषि कानून लाद दिये गये हैं। लाभप्रद उद्योग बेचे जा रहे हैं। भाजपा का काम जनता को गुमराह करना है। भाजपा कोरोना बीमारी के बारे में वास्तविक जानकारियां छुपाकर वाहवाही में खुशी मनाती रही। अब हालात उसके काबू में नहीं रह गए हैं।
Post a Comment