महंगाई, बेरोजगारी से जनता में नाराजगी- सपा
दिनांक : 06.09.2025 = समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी को लेकर जनता में भारी नाराजगी है। सरकार ने शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं सब बर्बाद कर दिया। शनिवार को कन्नौज में मीडिया से बात करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी, दोषपूर्ण जीएसटी और भारी टैक्स का मामला लम्बे समय से उठा रही है। दोषपूर्ण जीएसटी के कारण महंगाई बहुत बढ़ गयी है। आखिरकार सरकार को जीएसटी की खामियों को स्वीकार करना पड़ा। जीएसटी ने व्यापार और व्यापारियों को बर्बाद कर दिया। सरकार बताए कि जनता और व्यापारियों पर जीएसटी थोपने का फैसला किसी सलाह पर लिया था।
अखिलेश यादव ने कहा कि किसानों की आय दोगुनी नहीं हुई। लोगों को बिजली महंगी मिल रही है। पढ़ाई और इलाज महंगा हो गया है। भाजपा सरकार की महंगाई से गरीब, किसान, मध्यम वर्ग परेशान हो गया है।
अखिलेश यादव ने विदेश नीति को असफल बताते हुए कहा कि सरकार पूरी तरह से फेल है। चीन भरोसे लायक नहीं है। चीन ने भारत को कई बार धोखा दिया है। हमारी जमीन पर कब्जा किया है। आपरेशन सिंदूर में भी चीन ने पाकिस्तान की मदद की। उसकी नज़र भारत की जमीन और कारोबार पर है। उसी चीन से सरकार व्यापार बढ़ा रही है। सरकार को चीन से सावधान रहना चाहिए। वोट चोरी को लेकर श्री अखिलेष यादव ने कहा कि वोट चोरी करने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्यवाही होनी चाहिए। चुनाव आयोग ऐसे अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करे।
Post a Comment