बिजनौर : गुलदार का खूनी हमला, माता-पिता के सामने 8 वर्षीय मासूम को बनाया शिकार
रिपोर्ट : शकील अहमद, बिजनौर
बिजनौर जिले से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। नगीना क्षेत्र के गांव सीखनीवाला में एक गुलदार ने माता-पिता के सामने ही 8 वर्षीय मासूम पर हमला कर उसे गर्दन से दबोच लिया और झाड़ियों में ले जाकर मार डाला। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है, जबकि ग्रामीणों का गुस्सा वन विभाग पर फूट पड़ा है।
बताया जा रहा है कि नर सिंह अपनी पत्नी गीता देवी और 8 वर्षीय बेटे अर्णव के साथ घेर से घर लौट रहे थे। रास्ते में बाइक रेत में फंसने पर पत्नी और बेटा पैदल चलने लगे। तभी झाड़ियों में छिपे गुलदार ने अचानक रवि पर हमला कर दिया और माता-पिता के सामने ही उसे उठाकर झाड़ियों में ले गया।
माता-पिता और ग्रामीणों ने काफी देर तक बच्चे की तलाश की। करीब 100 मीटर दूर गन्ने के खेत से अर्णव का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। घटना के बाद गांव में कोहराम मच गया और गुस्साए ग्रामीणों ने वन विभाग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। उनका आरोप है कि कई दिनों से इलाके में गुलदार की मौजूदगी की सूचना देने के बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
कांवड़ यात्रा को देखते हुए जंगलों और ग्रामीण क्षेत्रों में वन विभाग और पुलिस पहले से ही हाई अलर्ट पर हैं। कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा के लिए संवेदनशील इलाकों में लगातार गश्त की जा रही है ताकि किसी भी श्रद्धालु पर गुलदार हमला न कर सके। लेकिन पुलिस की सतर्कता और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद गुलदार ने गांव के बीच मासूम बच्चे को अपना शिकार बना लिया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और ग्रामीण अपने खेतों पर जाने से भी डर रहे हैं।
घटना के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और गुलदार को पकड़ने के लिए इलाके में पिंजरे लगाए गए हैं। साथ ही लगातार कांबिंग अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बच्चों को अकेले खेतों और जंगल की ओर न भेजने तथा सतर्क रहने की अपील की है।
वनाधिकारी पृथ्वी कुमार ने बताया कि गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरे लगाए जा रहे हैं और वन विभाग की टीम लगातार निगरानी कर रही है।


Post a Comment