बिजनौर : मोहल्ला काजीपाड़ा में युवक का पीछा कर रहे बाइक सवार बदमाशों ने सरेराह गोली चलाई!
रिपोर्ट : शकील अहमद, बिजनौर
बिजनौर के मोहल्ला काजीपाड़ा में शनिवार को जब एक युवक का पीछा कर रहे बाइक सवार बदमाशों ने सरेराह गोली चला दी। गोली की आवाज से मोहल्ले में दहशत फैल गई। इसी बीच वाल्मीकि बस्ती के कुछ युवक मौके पर पहुंच गए, जिन्हें देखकर आरोपी फरार हो गए और हड़बड़ाहट में एक बाइक मौके पर ही छोड़ गए।
जानकारी के अनुसार बुल्ला का चौराहा निवासी आमिर पुत्र अफसर का रामलीला क्षेत्र निवासी वासु शूटर से विवाद चल रहा है। आमिर का आरोप है कि एक दिन पहले वासु और उसके साथियों ने उसके साथ मारपीट की थी, जिसकी उसने मेडिकल जांच कराने के बाद पुलिस को तहरीर दी थी।
बताया गया कि शनिवार रात वासु और उसके साथी तीन बाइकों से आमिर का पीछा करते हुए काजीपाड़ा पहुंच गए। जान बचाने के लिए आमिर कारी अरशद वाली गली में घुस गया, जहां आरोपियों ने तमंचे से गोली चला दी। शोर सुनकर लोग मौके पर जुट गए। इसी दौरान वाल्मीकि बस्ती के युवक भी वहां पहुंच गए, जिन्हें देखकर आरोपी भाग निकले।
पुलिस ने मौके से छोड़ी गई बाइक के साथ एक लोडेड तमंचा और छूरा बरामद कर कब्जे में लिया है। सीओ सिटी अभय कुमार पांडेय ने बताया कि काजीपाड़ा में घटना हुई है। मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वासु का नाम पिछले कुछ दिनों में हुई कई घटनाओं के चलते भी चर्चा में है।

Post a Comment