चुनाव को देखते हुए नया जीएसटी स्लैब आया, महंगाई, भ्रष्टाचार, मुनाफाखोरी चरम पर - अखिलेश यादव
दिनांकः05.09.2025- समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार के एजेंडे में शिक्षा और नौकरी नहीं है। अगर इस सरकार के एजेंडे में शिक्षा, नौकरी होती तो 27 हजार प्राथमिक स्कूल बद नहीं करती। 69 हजार शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियो को अभी तक आंदोलन नहीं करना पड़ता।
भाजपा सरकार ने विश्वविद्यालयों, स्कूलों की स्थिति खराब कर दी है। विश्वविद्यालयों और संस्थाओं में एक ही विचारधारा और एकरंगी लोगों को बैठाकर बर्बाद कर दिया। निजी विश्वविद्यालय बदलाव कर नए-नए कोर्सेज ला रहे है। शिक्षा के क्षेत्र में नए प्रयोग कर बच्चों को पढ़ा रहें है। वहीं भाजपा सरकार ने सरकारी विश्वविद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता खराब कर दी। इस सरकार ने शिक्षा, शिक्षक और छात्रों सबका भविष्य बर्बाद कर दिया है।
शुक्रवार को शिक्षक दिवस के अवसर पर समाजवादी पार्टी प्रदेश मुख्यालय में आयोजित एक प्रेस कांफ्रेंस में अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने संस्थाओं का बहुत नुकसान किया है। संस्थाओं को खत्म कर रही हैं। भाजपा इस्तेमाली पार्टी हैं। पहले इस्तेमाल करती है, फिर बर्बाद कर देती हैं। भाजपा किसी की सगी नहीं है। इस सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो गयी है। इसके अब गिने-चुने दिन ही बचे हैं। छात्रों पर लाठीचार्ज परिषद बनाम वाहिनी की लड़ाई है। जो मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठे हैं वे भाजपा के सदस्य नहीं रहें हैं। वे भाजपा के लोगों का भविष्य खराब करके उसे कुर्सी पर बैठे है। पिटाई को लेकर छात्र दुःखी होंगे। भाजपा सरकार में संस्थाएं और छात्रों का भविष्य बर्बाद कर रही है। भाजपा से जुड़े लोग संस्थाओं में फर्जीवाड़ा कर रहे है।
अखिलेश यादव ने कहा कि चुनाव आयोग को निष्पक्ष रहना चाहिए। चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है कि किसी व्यक्ति का वोट न छूटे और एक भी फर्जी वोट न बनने पाये। लेकिन भाजपा सरकार अधिकारी और चुनाव आयोग की तिगड़ी बन गयी है। आयोग भाजपा का जुगाड़ आयोग बन गया है। चुनावों में वोटों की डकैती हो रही है। समाजवादी पार्टी ने कई बार शिकायत की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होती। कुंदरकी, मिल्कीपुर समेत अन्य विधानसभा के उप चुनाव में भाजपा ने वोटों की डकैती की। 2022 के विधानसभा चुनाव में कुंदरकी में भाजपा को 36 फीसदी वोट मिले थे लेकिन उप चुनाव में उसने कुल पड़े वोटों का 77 फीसदी भाजपा ले लिया। यह डकैती नहीं तो और क्या है।
अखिलेश यादव ने कहा कि पार्टी के नेताओं, कार्यकर्ताओं को बहुत सावधान रहना होगा। शिक्षक सभा के लोग समेत सभी फ्रंटल संगठन के लोगों की जिम्मेदारी है कि एक भी वोट वोटर लिस्ट से कटने न पाये। भाजपा की तिगड़ी से सावधान रहें। राजनीतिक लोगों का काम बढ़ गया है। अपना वोट बनवाना, फिर वोट बचाना, वोट पड़वाना और वोट गिनवाना सभी काम को लगकर करना है। समाजवादी पार्टी कार्यकर्ता तैयारी कर रहे है। उन्होंने कहा कि भाजपा जब से 2024 का लोकसभा चुनाव हारी है वह जानती है कि वह विधानसभा चुनाव ही हारेंगी। यूपी में सरकार नहीं बचेगी।
जीएसटी को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार चुनाव को देखते हुए नया जीएसटी लायी है। भाजपा सरकार में महंगाई, भ्रष्टाचार, मुनाफाखोरी चरम पर है। यह मुनाफाखोरी कम नहीं होने वाली है।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार शिक्षा, शिक्षक और छात्र सभी की जिंदगी से खेल कर रही है। अभी प्राइमरी शिक्षा संस्थाएं बंद की जा रही हैं आगे इंटर डिग्री कॉलेज भी बंद करने की साजिश है। भाजपा चाहती है गरीब का बच्चा पढ़ने लिखने से वंचित हो। आने वाली पीढ़ी का भविष्य अंधकार मय है।
अखिलेश यादव आज समाजवादी पार्टी मुख्यालय लखनऊ में समाजवादी शिक्षक सभा द्वारा आयोजित शिक्षक समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सम्बोधित कर रहे थे। डॉ. राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण कर नमन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष समाजवादी शिक्षक सभा प्रो. बी. पाण्डेय ने की तथा संचालन श्री कमलेश यादव प्रदेश महासचिव ने किया। उन्होंने शिक्षकों को इस अवसर पर बधाई देते हुए भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन का भी स्मरण किया। उन्होंने कहा कि शिक्षक व्यक्तित्व का निर्माण करता है। डॉ. राधाकृष्णन विख्यात दार्शनिक और शिक्षाविद भी थे। उनकी जयंती पर हम शिक्षक दिवस मानते है।
अखिलेश यादव ने कहा कि 5 सितम्बर को सर्वपल्ली डॉ. राधाकृष्णन की जयंती पर शिक्षक दिवस के रूप में हम उनके योगदान को याद कर रहे है। देश के प्रति, समाज के प्रति और अपने जीवन भर दुनिया में भारत की पहचान बनाने का जो काम किया, उसे यादकर रहे है। हमने संकल्प लिया है कि आने वाले समय में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाकर, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देकर, नौजवानों को सम्मान जनक काम दिलाने का काम करेंगे। युवाओं को सम्मान जनक नौकरी मिले, सम्मान पूर्वक जीवन यापन की सुविधा हो। बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर, ज्योतिबा फुले आदि तमाम महापुरूषों ने समय-समय पर समाज को दिशा देने का काम किया, उस दिशा में काम होगा।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार और चुनाव आयोग मिलकर वोट की हेराफेरी करती है। इसलिए शिक्षक सभा को मतदाता सूची में नाम कटने और जोड़ने की व्यवस्था के बारे में सजग रहना होगा। बूथ स्तर तक संगठन की मजबूती में शिक्षक सभा को अपना योगदान देने के लिए तैयार रहना होगा ताकि 2027 के चुनाव में कोई गड़बड़ी न हो पाये।
अखिलेश यादव ने कहा कि पीडीए का रास्ता न्याय के लिए है। पीडीए सरकार से सामाजिक न्याय के राज्य की स्थापना होगी और सभी पीड़ितों, वंचितों के चेहरों पर मुस्कान आयेगी। सबको सम्मान से जीने की नई राह खुल जाएगी। असमानता समाप्त होगी और सभी को खुशहाल जिंदगी जीनें का अवसर मिलेगा।
इस अवसर पर श्री अखिलेश यादव को कई शिक्षकों ने स्मृतिचिन्ह भेंट किए। शिक्षक सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री मणींद्र मिश्र ने सिद्धार्थ विश्वविद्यालय पर केन्द्रित धन्यवाद, आभार अभियान स्मारिका तथा रुडयार्ड किपलिंग की एक कविता का फ्रेम भेंट किया।
शिक्षक सभा के कार्यक्रम में राष्ट्रीय सचिव श्री राजेन्द्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष श्री श्याम लाल पाल, नेता प्रतिपक्ष विधान परिषद श्री लाल बिहारी यादव, डॉ. मानसिंह यादव एमएलसी, आशुतोष सिन्हा एमएलसी, पूर्व एमएलसी असीम यादव, वासुदेव यादव एवं रामबृक्ष सिंह यादव, जावेद आब्दी सहित सर्वश्री प्रो0 एसपी पटेल, कुलदीप यादव, डॉ.रूदल यादव, डॉ. दिवाकर यादव, डॉ. इन्द्रसेन शास्त्री, नरेन्द्र सिंह यादव, आलोक यादव, अजयवीर यादव, डॉ. दिलीप कुमार पासवान, रतेन्द्र सिंह, राकेश यादव, शाहरुख रिजवी, डॉ. राहुल यादव, डॉ. फरीदुर्रहमान, डॉ. शाह आलम, संतोष कुमार सिंह, अमित कुमार, सुनील बाजपेयी, अनुराग सचान, यतींद्र शर्मा, वरुण सेंगर, राजन दीक्षित, डॉ. तरूण कुमार, डॉ. राजीव यादव आदि की उपस्थिति उल्लेखनीय रही है।


Post a Comment