टेबल पर नोटों की गड्डी वाली तस्वीर पर कार्यवाहक प्राचार्य निलंबित
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने की सख्त कार्रवाई, कानपुर देहात स्थित स्वाशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय का मामला
लखनऊ, 23 जुलाई : कानपुर देहात स्थित स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. हरप्रीत सिंह की टेबल पर 500 रुपये के नोटों की गड्डी रखी होने की सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीर का उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने संज्ञान लिया है। मामले को प्रथम दृष्टया गंभीर मानते हुए कार्यवाहक प्राचार्य को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर, विभागीय कार्यवाही के निर्देश जारी किए हैं।
सोशल मीडिया एवं विभिन्न समाचार पत्रों में प्रकाशित फोटो में कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. हरप्रीत सिंह की टेबल पर 500 रुपए के नोटों की गड्डी रखी दिखाई दे रही है। चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण विभाग की ओर से इस संबंध में शासन को पत्र भेजा गया है। जिसमें सोशल मीडिया में वायरल उक्त तस्वीर और प्रकाशित खबरों में मेडिकल कॉलेज में टेंडर और दवा खरीद प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं तथा कुछ लोगों को अनुचित लाभ पहुंचाने की जानकारी दी गई है। पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराए जाने की बात भी कही गई है।
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने पूरे प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. हरप्रीत सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। महानिदेशक, चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण (डीजीएमई) को विभागीय कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। डॉ. हरप्रीत सिंह के स्थान पर नए प्राचार्य डॉ. अंबरीश कुमार गुप्ता की तैनाती की गई है। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि इस तरह की घटनाओं से विभाग की छवि धूमिल होती है। चिकित्सक मरीजों की सेवा करें।

Post a Comment