बिजनौर : उत्तर प्रदेश एससी व एसटी आयोग के सदस्य ने की जनसुनवाई व विभागीय योजनाओं की समीक्षा
रिपोर्ट : शकील अहमद, बिजनौर
बिजनौर 01 सितंबर। उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति एवं जनजाति आयोग के मा0 सदस्य श्री मिठाई लाल ने मंगलवार को सर्किट हाउस में जनसुनवाई की तथा विभिन्न विभागों के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति व जनजाति आयोग के सदस्य श्री मिठाई लाल ने जनसुनवाई के दौरान अनुसूचित जाति व जनजाति वर्ग व अन्य व्यक्तियों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना व उन्हें समस्याओं के निस्तारण का आश्वासन दिया तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
उन्होंने विभागीय योजनाओं की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि जिन वर्ग विशेष के लिए योजनाएं संचालित की जा रही हैं उनका लाभ उन तक पहुंचना चाहिए। समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने समाज कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं जैसे आदर्श ग्राम योजना, राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना, नगर पालिका की योजनाओं, राजस्व व पुलिस विभाग के कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने एससी-एसटी एक्ट के प्रकरणों की जानकारी भी ली। उन्होंने कहा कि किसी के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए।
उन्होंने तहसीलदार सदर को निर्देशित किया कि तहसील स्तर पर विभिन्न योजनाओं की समीक्षा के लिए गठित निगरानी समिति की प्रत्येक माह नियमित रूप से बैठक कराई जाए, इसमें माननीय जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया जाए।
जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि आदर्श ग्राम योजना अंतर्गत चयनित प्रत्येक ग्राम को 20 लाख रुपए विकास कार्यों के लिए दिए जाते हैं। उन्होंने बताया कि 470 ग्राम चिन्हित है,जिनमें से 181 में कार्य पूर्ण हो गया है,शेष प्रक्रियाधीन है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन अंतर्गत 60103 लाभार्थियों को योजना का लाभ दिया जा रहा है, इस वित्तीय वर्ष 2026-27 में 2702 आवेदन स्वीकृत किए गए हैं वहीं राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना में पात्र लाभार्थियों को 30 हजार रुपए की एक मुश्त धनराशि दी जाती है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना अंतर्गत इस वित्तीय वर्ष में 1276 सामूहिक विवाह का लक्ष्य दिया गया जिसके सापेक्ष 2578 के लिए टेंडर प्रक्रियाधीन है। बताया कि मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना अंतर्गत वर्तमान में 32 छात्र-छात्राएं अध्यनरत हैं।
जनसुनवाई के दौरान पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर ने पुलिस विभाग से जुड़े प्रकरणों पर त्वरित कार्यवाही करते हुए संबंधित अधीनस्थों को दिशा निर्देश दिए तथा शिकायतकर्ता को भी आश्वस्त किया कि उनके साथ न्याय होगा।
इस अवसर पर पुलिस क्षेत्राधिकार नगर अभय कुमार पांडे, तहसीलदार सदर, जिला समाज कल्याण अधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद बिजनौर सेनेटरी इंस्पेक्टर सहित अन्य अधिकारी व व्यक्ति मौजूद रहे।







Post a Comment