BREAKING NEWS

Big story

News

प्रदेश में 17 एवं 24 अक्टूबर को मतदाता पंजीकरण के लिए विशेष कैम्प होंगे आयोजित

प्रदेश में 17 एवं 24 अक्टूबर को मतदाता पंजीकरण के लिए विशेष कैम्प होंगे आयोजित 

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी जनपदों में व्यापक प्रचार-प्रसार एवं शत-प्रतिशत बूथों पर कैम्प आयोजित करने के दिए निर्देश

कैम्प में प्रातः 10 बजे से अपराह्न 4 बजे तक उपस्थित रहेंगे बीएलओ, मतदाता पंजीकरण के लिए उपलब्ध कराए जाएंगे फार्म-6

लखनऊ, 13 अक्टूबर, 2026 : उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूची में पंजीकरण से छूटे हुए पात्र नागरिकों तथा प्रथम बार मतदाता बनने वाले युवाओं के नाम सम्मिलित किए जाने के लिए प्रदेश में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में प्रदेश के सभी जनपदों में 17 अक्टूबर (शनिवार) एवं 24 अक्टूबर (शनिवार), 2026 को विशेष कैम्प आयोजित किए जाएंगे।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विशेष कैम्प दिवसों पर प्रदेश के प्रत्येक मतदेय स्थल पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) प्रातः 10:00 बजे से अपराह्न 04:00 बजे तक उपस्थित रहेंगे। कैम्प में मतदाता पंजीकरण के लिए पर्याप्त संख्या में फार्म-6 उपलब्ध रहेंगे। आवेदन करने वाले पात्र नागरिकों को फॉर्म 6 के साथ नवीनतम फोटो, जन्मतिथि एवं पते से सम्बन्धित दस्तावेज उपलब्ध कराना आवश्यक होगा।

उन्होंने बताया कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क स्थापित की जाएगी, जहां नागरिकों को फार्म-6 भरने एवं मतदाता पंजीकरण संबंधी प्रक्रिया में सहायता प्रदान की जाएगी। प्राप्त होने वाले सभी फार्मों का सुव्यवस्थित अभिलेखीकरण किया जाएगा, जिससे आवश्यकता पड़ने पर पर्यवेक्षण एवं निरीक्षण अधिकारियों को अभिलेख तत्काल उपलब्ध कराए जा सकें।

श्री रिणवा ने बताया कि विशेष कैम्पों के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं सोशल मीडिया का उपयोग किया जाएगा। सभी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों तथा सामाजिक संगठनों को भी कैम्पों की तिथियों के संबंध में सूचित किया जाएगा। कैम्पों के चयनित फोटो एवं वीडियो जिला निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट तथा आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर अपलोड किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि अभियान की प्रभावी निगरानी के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी स्वयं तथा उप जिला निर्वाचन अधिकारी बूथों का पर्यवेक्षण करेंगे। निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी संबंधित विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के पोलिंग स्टेशनों का भ्रमण करेंगे। इसके अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी विशेष कैम्प दिवसों पर भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे। 

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देशित किया है कि अभियान की नियमित समीक्षा एवं सतत निगरानी सुनिश्चित करते हुए प्रत्येक बूथ पर कैम्प का आयोजन कराया जाए। साथ ही, अभियान के अंतर्गत प्राप्त होने वाले फार्मों का उचित रखरखाव तथा सभी संबंधित अधिकारियों के बीच प्रभावी समन्वय बनाए रखा जाए, ताकि किसी भी स्तर पर शिथिलता न आने पाए।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने प्रदेश के सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे 17 एवं 24 अक्टूबर, 2026 को अपने मतदेय स्थल पर आयोजित विशेष कैम्प में पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम जांचें। यदि उनका नाम मतदाता सूची में सम्मिलित नहीं है और वे निर्धारित पात्रता पूरी करते हैं, तो फार्म-6 भरकर पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी करें। लोकतंत्र में सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में पंजीकरण आवश्यक है।

कार्यालय मुख्य निर्वाचन अधिकारी

उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण का कार्यक्रम घोषित, 04 जनवरी 2027 को होगा अंतिम प्रकाशन

अर्हता तिथि 01 जनवरी, 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम निर्धारित

लखनऊ, 15 अक्टूबर, 2026 : उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री नवदीप रिणवा ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा अर्हता तिथि 01 जनवरी, 2027 के आधार पर प्रदेश के विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण का कार्यक्रम निर्धारित कर दिया गया है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मतदेय स्थलों का संभाजन एवं पुनर्गठन 02 नवंबर, 2026 तक पूरा किया जाएगा। एकीकृत निर्वाचक नामावलियों का आलेख्य प्रकाशन 12 नवंबर, 2026 को किया जाएगा। इसके उपरांत, दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 12 नवंबर से 11 दिसंबर, 2026 तक निर्धारित की गई है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि पुनरीक्षण के दौरान प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर, 2026 तक किया जाएगा। इसके बाद विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन 04 जनवरी, 2027 को किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के साथ राज्य एवं जिला स्तर पर बैठकें आयोजित कर आयोग के दिशा निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। इस संबंध में जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशों के अनुसार पुनरीक्षण की प्रक्रिया संपन्न कराते हुए उत्तर प्रदेश की मतदाता सूची को अद्यतन किया जाएगा।

Post a Comment