बिजनौर के चांदपुर में किसान की गोली मारकर हत्या, ट्रैक्टर-ट्रॉली पर मिला शव
रिपोर्ट शकील अहमद बिजनौर
बिजनौर : चांदपुर थाना क्षेत्र में एक किसान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक का शव उसकी ही ट्रैक्टर-ट्रॉली पर पड़ा मिला मृतक की पहचान केलनपुर गांव निवासी विजय पाल सिंह पुत्र रोहताश (उम्र 50 वर्ष) के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार, विजयपाल कल शाम खेत पर जमीन जोतने के लिए गए थे। देर रात तक जब वह घर नहीं लौटे तो पत्नी गीता (42 वर्ष) ने उन्हें फोन किया, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। चिंतित परिजनों ने तलाश शुरू की तो गांव से लगभग 3 किलोमीटर दूर खेत के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली पर उनका शव पड़ा मिला।
मृतक के शरीर पर दो गोलियां लगी हुई थीं और शव के पास एक कारतूस भी पड़ा मिला। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।मौके पर पहुंची चांदपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और जांच शुरू कर दी है।
पत्नी गीता ने पुलिस से इंसाफ की मांग की है, बताया जा रहा है कि मृतक के दो बेटे थे। एक बेटे की पहले ही सड़क हादसे में मौत हो चुकी है, जबकि दूसरा बेटा मोहित केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) में नौकरी करता है। पुलिस का कहना है कि हत्या के कारणों का अभी पता नहीं चला है। सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।


Post a Comment