लखनऊ : मेटा के अलर्ट से पुलिस ने मात्र 10 मिनट में पहुंचकर युवक के प्राणों की रक्षा की
मेटा के अलर्ट से पुलिस मुख्यालय लखनऊ के निर्देश पर कमिश्नरेट लखनऊ पुलिस द्वारा मात्र 10 मिनट में 26 वर्षीय युवक के घर पहुंचकर उसके प्राणों की रक्षा की गयी
कमिश्नरेट लखनऊ, थाना सआदतगंज की पुलिस द्वारा मात्र 10 मिनट के अन्तराल में डिलीवरी बॉय के पास पहुंचकर उसके प्राणों की रक्षा की गयी।
दिनांक 15-10-2026 को कमिश्नरेट लखनऊ, थाना सआदतगंज के 26 वर्षीय युवक द्वारा अपनी पत्नी से विवाद के कारण उत्पन्न अवसाद में आत्महत्या सम्बन्धी वीडियो इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया गया।
पुलिस महानिदेशक, उ0प्र0 के निर्देशानुसार मुख्यालय द्वारा प्राप्त अलर्ट के आधार पर तत्काल पीड़ित की लोकेशन ट्रेस कर कमिश्नरेट लखनऊ को सूचित किया गया।
दिनांक 01-01-2023 से 10-10-2026 के मध्य आत्महत्या संबंधी पोस्ट पर प्राप्त अलर्ट का संज्ञान लेकर कुल 4071 व्यक्तियों के प्राणों की रक्षा उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा की जा चुकी है।
उत्तर प्रदेश पुलिस को मेटा सुसाइडल अलर्ट की नवीन पहल के लिए प्रतिष्ठित SKOCH Award-2025 तथा The Economic Times GovTech Awards-2026 से सम्मानित किया गया है
दिनांक 15-10-2026 को कमिश्नरेट लखनऊ थाना सआदतगंज निवासी 26 वर्षीय डिलीवरी बॉय द्वारा “मैं बहुत परेशान हूँ, मेरी बीवी और उसके घरवाले मेरे ख़िलाफ़ हैं, यह कहते हुए, आत्महत्या सम्बन्धी वीडियो इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया गया। उक्त पोस्ट के संबंध में दिनांक 15-10-2026 को सायंकाल 03:51 PM पर मेटा कंपनी की तरफ से मुख्यालय, पुलिस महानिदेशक स्थित सोशल मीडिया सेन्टर को ई-मेल के माध्यम से अलर्ट प्राप्त हुआ, जिसका तत्काल संज्ञान लेकर उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया।
पुलिस महानिदेशक उ0प्र0, राजीव कृष्ण द्वारा उक्त अलर्ट पर तत्काल कार्रवाई हेतु निर्देशित किया गया। मेटा कंपनी द्वारा भेजे गए अलर्ट का संज्ञान लेते हुए मुख्यालय के सोशल मीडिया सेन्टर द्वारा उपलब्ध कराए गए मोबाइल नंबर के आधार पर तत्काल डिलीवरी बॉय की लोकेशन ज्ञात कर कमिश्नरेट लखनऊ को प्रकरण से अवगत कराया गया।
मुख्यालय द्वारा उपलब्ध कराई गई सूचना एवं लोकेशन के आधार पर क मिश्नरेट लखनऊ, थाना सआदतगंज के उप निरीक्षक योगेन्द्र कुमार, आरक्षी आशीष पाल व आरक्षी अवनीश कुमार युवक के घर पहुँचे तथा युवक द्वारा किए गए आत्महत्या सम्बन्धी पोस्ट से उसके परिजनों को अवगत कराकर उनको साथ लेकर मात्र 10 मिनट में पुलिस टीम युवक के पास पहुंच गई। युवक पुल पर खड़ा नदी की तरफ़ देख रहा था और कुछ बड़बड़ाते हुए रो रहा था। युवक को देखकर प्रतीत हो रहा था की उसका आशय नदी में कूदने का था । पुलिसकर्मियों द्वारा बिना समय गवाए युवक को मौके से हटाकर अलग ले जाया गया।
युवक के सामान्य स्थिति में आने पर पूछताछ के दौरान उसने बताया कि वह डिलीवरी बॉय का काम करता है। युवक का अपनी पत्नी से तथा ससुराल वालों से विवाद चल रहा था जिस कारण वह मानसिक तनाव एवं भावनात्मक अवसाद में आ गया था। इसी मानसिक तनाव के चलते उसके मन में आत्मघाती विचार उत्पन्न हुए और उसने यह कदम उठाया।
पुलिस द्वारा की गई काउंसलिंग में युवक ने भविष्य में ऐसा कोई कदम नही उठाने का आश्वासन दिया। युवक के परिजनों द्वारा पुलिस की तत्परता, मानवीय संवेदनशीलता एवं सहयोग के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए पुलिसकर्मियों की सराहना की गयी ।
उत्तर प्रदेश पुलिस एवं मेटा कम्पनी के मध्य 2022 से प्रचलित व्यवस्था के अंतर्गत यदि कोई भी व्यक्ति फेसबुक अथवा इंस्टाग्राम पर आत्महत्या किए जाने से सम्बंधित पोस्ट करता है तो ऐसी पोस्ट के सम्बंध में मेटा कम्पनी द्वारा उत्तर प्रदेश पुलिस को ई-मेल एवं फोन के माध्यम से अलर्ट भेजकर सूचित किया जाता है। दिनांक 0 1-01-2023 से 10-10-2026 के मध्य आत्महत्या संबंधी पोस्ट पर प्राप्त अलर्ट का संज्ञान लेकर कुल 4071 व्यक्तियों के प्राणों की रक्षा उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा की जा चुकी है ।

Post a Comment