डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने व्यापारियों की समस्याओं को दूर करने का दिलाया भरोसा
लखनऊ।
भाजपा महापौर प्रत्याशी सुषमा खर्रकवाल का व्यापारी समर्थन करेंगे। उन्हें वोट देंगे। भारी मतों से जिताने की लोगों से अपील भी करेंगे। पार्षद प्रत्याशियों को भी विजयी बनाने में व्यापारी वर्ग पूरी ताकत झोंकेंगा। यह जानकारी डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने आवास पर आयोजित पत्रकार वार्ता में दी।
मंगलवार को डिप्टी सीएम ने अपने आवास पर बड़ी संख्या में व्यापारियों से भेंट की। नगर निकाय चुनाव को लेकर व्यापारियों से मंत्रणा की। उनकी परेशानियां सुनी। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि व्यापारी भाजपा के परंपरागत वोटर हैं। हर दुख-सुख में सरकार व्यापारियों के साथ है। उन्होंने कहा कि भाजपा शासनकाल में बाजारों को विस्तार दिया जा रहा है। बाजारों की सड़कें, पार्किंग, बिजली आदि व्यवस्था दुरुस्त कराई गई हैं। जो समस्याएं अभी भी हैं, उन्हें जल्द दूर किया जाएगा।
लखनऊ उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष अमरनाथ मिश्र, कोषाध्यक्ष देवेंद्र गुप्ता और वरिष्ठ महामंत्री पवन मनोचा समेत अन्य व्यापारियों ने डिप्टी सीएम से कहा कि बाजारों में शौचालय का संकट है। कई बाजारों में पीने के पानी की किल्लत है। नियमित सफाई नहीं हो रही है। जल भराव की समस्या है। बाजारों की सड़के खराब हैं। कार्मिशयल व्यवसायी सम्पत्तियों का नगर निगम कर्मचारी मूल्यांकन के नाम पर परेशान करते हैं। सीलिंग की कार्रवाई देर रात या फिर सुबह न की जाए। अकबरी गेट, नक्खास, भूतनाथ, अमीनाबाद, चारबाग, महानगर, आलमबाग, सदर आदि बाजारों को अतिक्रमण मुक्त किया जाए।
दूर करेंगे व्यापारियों की समस्याएं
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने समस्याओं को और तेजी से दूर करने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि व्यापारी सरकार का अहम अंग हैं। उन्हें किसी भी तरह की तकलीफ नहीं होनी दे दी जाएगी। सभी समस्याओं को दूर किया जाएगा।

Post a Comment