*बेहद शर्मनाक है राहुल गांधी का बयान: ब्रजेश पाठक*
कांग्रेस नेता की बयानबाजी पर डिप्टी सीएम ने जताई तीखी प्रतिक्रिया कहा, कांग्रेस को भुगतना पड़ेगा खामियाजा
लखनऊ।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी का नई संसद में सेंगोल की स्थापना को लेकर दिए गए बयान पर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कड़ी प्रतिक्रिया जाहिर की है। उन्होंने बयान को शर्मनाक बताया और कहा कि राहुल ने विदेशी धरती पर भारत माता का अपमान किया है। उनका यह बयान भारतीय संस्कृति के खिलाफ है। आने वाले समय में इसका खामियाजा कांग्रेस को भुगतना पड़ेगा।
राहुल अमेरिका की छह दिन की यात्रा पर हैं। बुधवार को उन्होंने सैन फ्रांसिस्को में भारतीय प्रवासियों को संबोधित करते हुए, नई संसद में सेंगोल का उद्घाटन नाटक बताया। राहुल के बयान पर राजनीति गर्मा गई है। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि भारत का स्वर्णिम इतिहास है। भारत विश्व पटल पर अपने स्थान को और मजबूत कर रहा है। जिसे राहुल गांधी पचा नहीं पा रहे हैं। उनका बयान दुर्भायपूर्ण है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में भारत लगातार आगे बढ़ रहा है। आर्थिक मोर्चे पर भारत को नई पहचान मिली है। भारत की ताकत भी बढ़ी है। ऐसे में विदेशी धरती पर भारत को लेकर गलत बयानबाजी शर्मसार करने वाली है।

Post a Comment