BREAKING NEWS

Big story

News

SIR : फार्म-7 को लेकर अखिलेश यादव ने लगाए आरोप

SIR : फार्म-7 को लेकर अखिलेश यादव ने लगाए आरोप 

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा 2027 का विधान सभा चुनाव हारने जा रही है। वह घबराई हुई है। इसीलिए समाजवादी पार्टी के समर्थकों व पीडीए का वोट कटवाने के लिए फर्जीवाड़ा कर रही है। भाजपा हम सभी को फार्म-7 के फर्जीवाड़े में उलझाना चाहती है जिससे हम लोग बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार समेत अन्य मुद्दों को न उठा पायें।

SIR : फार्म-7 को लेकर अखिलेश यादव ने लगाए आरोप

सोमवार को समाजवादी पार्टी प्रदेश मुख्यालय में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश यादव ने मतदाता सूची के एस.आई.आर. में फार्म-7 को लेकर हो रहे फर्जीवाड़े का खुलासा करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी के सभी विधायक एस.आई.आर. में फार्म-7 के दुरुपयोग और अन्य विसंगतियों की शिकायत को लेकर चुनाव आयोग को ज्ञापन देंगे और माँग करेगें कि सपा की शिकायतों पर कार्यवाही क्यों नहीं हो रही है। चुनाव आयोग को ज्ञापन देने के बाद विधायक इस मामले को विधानसभा में भी उठायेंगे। सभी विधायक निर्वाचन आयोग से मांग करेगें कि फार्म-7 के जरिये नाम हटाने की प्रक्रिया केवल सरकारी बी.एल.ओ. द्वारा की जाये। किस विधानसभा क्षेत्र, किस बूथ पर किसके नाम से फार्म-7 जमा हुआ है इसका डेटा जारी किया जाये। किस व्यक्ति ने किस आधार पर फार्म-7 भरा है, इसकी भी जानकारी दी जाये।

अखिलेश यादव ने कहा कि एस.आई.आर. में वोट काटने के लिए बड़े पैमाने पर खेल हो रहा है। शिकायतों पर चुनाव आयोग कोई कार्यवाही नहीं कर रहा है। डाटा बता रहा है कि पीडीए का वोट काटा जा रहा है। यह डकैती है। बिधूना में सपा के अध्यक्ष के फर्जी दस्तावेज से सपा का वोट कटवाने का फॉर्म भरा गया। सकलडीहा विधानसभा क्षेत्र में गोविन्द राय के फर्जी दस्तावेज से 16 मतदाताओं के नाम काटने का फार्म भरा गया है। बाबागंज विधानसभा क्षेत्र में रामदेव सिंह के फर्जी हस्ताक्षर से 65 मतदाताओं के नाम कटवाए गये। भोजीपुरा विधान सभा के बी.एल.ए. अतीक अहमद का वोट फार्म-7 भर कर कटवा दिया गया। श्री यादव ने कहा कि भाजपा इसी तरह से सभी विधानसभा क्षेत्रों में फर्जी तरीके से वोट कटवा रही है। कन्नौज में भाजपा की एक सीक्रेट बैठक हुई थी जिसमें समाजवादी पार्टी का वोट कटवाने की रणनीति बनाई गई। बैठक में शामिल एक नेता ने खुद ही बाहर आकर इसका खुलासा कर दिया। कन्नौज में जिलाधिकारी से शिकायत की गयी लेकिन कोई कार्यवाही नहीं हुई। वहां पर वही जिलाधिकारी है जो एल.डी.ए. को लूट कर गये है। श्री यादव ने बताया कि बलिया में सिकन्दरपुर विधान सभा क्षेत्र में भाजपा के प्रभाव में बीएलओ ने 126 वोट कटवा दिया। हमारे विधायक रिजवी जी की पत्नी का वोट भी काट दिया गया। अयोध्या में वीरेन्द्र कुमार गौतम के 6 बच्चे बताकर वोट काट दिया।

अखिलेश यादव ने कहा अज्ञात व्यक्ति के नाम पर जो फार्म-7 भरे जा रहे हैं, वे सब भाजपा के लोग है। जब समाजवादी पार्टी ने फार्म-7 भरने  वालों को पकड़ना शुरू किया तब बीजेपी के लोग अज्ञात नाम से फार्म भरने लगे। अभी तक पूरे उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी ने 47 फार्म-7 भरे है, भाजपा ने 1728 और अज्ञात नाम से 128659 फार्म-7 भरवाये गये है। यादव ने कहा कि जब चुनाव आयोग ने एसआईआर शुरू किया था तब कहा था कि बीएलओ गांव-गांव जायेगें, सत्यापन करेंगे और गलत वोट हटाएगें। ड्राफ्ट रोल में फार्म-7 के जरिए बी.एल.ओ. द्वारा 49399 वोट हटाये गये, शायद इतने हटाये गये वोट भाजपा को जिताने के लिए पर्याप्त नहीं थे इसलिए हर व्यक्ति को फार्म-7 भरने की व्यवस्था कर दी गई। इसके बाद बी.एल.ओ. द्वारा हटाये गये वोटो से करीब 3 गुना ज्यादा फार्म-7 वोट कटवाने के लिए अज्ञात लोगों से भराये गये है। यह अज्ञात लोग कौन हैं। जब एस.आई.आर. की इतनी बड़ी एक्सरसाइज हुई है, तो फार्म-7 की क्या जरूरत है। साजिश के तहत फार्म-7 उन लोगों के नाम से भरा जा रहा है जो ठीक से पढना लिखना नहीं जानते है। कहा कि गांव-गांव में भाजपा से जुड़े सामंतवादी और प्रभुत्ववादी तत्व पीडीए का वोट कटवाने के लिए बल्क में फार्म-7 भरकर जमा करा रहे है। समाजवादी पार्टी ने कई बार चुनाव आयोग से शिकायत की लेकिन अभी तक कोई कार्यवाही नहीं हुई, अगर एक भी जिलाधिकारी के खिलाफ ठोस कार्यवाही हो जाये तो पूरा एस.आई.आर और वोटर लिस्ट सही हो जायेगा। श्री यादव ने कहा कि गाँव के लोग जानते है, कि उनके पास बाबा साहब डॉ0 भीमराव अम्बेडकर द्वारा संविधान में दिया गया एक वोट का अधिकार है लेकिन सामन्तवादी मानसिकता इसी अधिकार को छीनना चाहती है। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद ऐसा तंत्र बनाया गया है, जहाँ एक वर्ग फार्म-7 के माध्यम से दूसरे वर्ग का वोट कटवाने की कार्यवाही कर रहा है।

मेरठ के एक वीडियो का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि जब फार्म-7 से भी काम नहीं चल रहा है, तो चुनाव आयोग प्रशासन और बीजेपी के त्रिकोण ने लॉजिकल डिस्क्रिपन्सी नाम से पीडीए वोटरों को नोटिस भेजने का  नया खेल निकाला है। श्री यादव ने पार्टी के नेताओं का जिक्र करते हुए कहा कि विधायक मनोज पारस के क्षेत्र में 37 हजार और डॉ0 मुकेश वर्मा के क्षेत्र में 75 हजार लोगों को नोटिस जारी किया गया है।

अयोध्या के पूर्व विधायक और पूर्व मंत्री पवन पाण्डेय ने बताया कि उनके यहाँ 96 हजार लोगों को नोटिसे जारी की गई हैं। फैजाबाद के एक बूथ के डेटा की जानकारी देते हुए बताया कि 181 मतदाताओं को नोटिस मिला है, उसमें 76 फीसदी पीडीए है। 76 फीसदी में भी 46 फीसदी से ज्यादा यादव और मुस्लिम मतदाता है। यह वह लोग है जो बहुत गरीब है, खेती-बारी और मजदूरी करते है। श्री अखिलेश यादव ने कहा कि सभी लोग चुनाव आयोग से शिकायतों पर कार्रवाई की उम्मीद करते हैं लेकिन अगर चुनाव आयोग कार्रवाई नहीं कर रहा है तो उसे अपने बिल्डिंग पर भाजपा का झंण्डा लगा लेना चाहिए। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार के खिलाफ बड़े-बड़े मुद्दे हैं। अमेरिका के साथ डील हुई है। उससे कृषि और किसानों का बहुत बड़ा नुकसान होगा। सरकार ने पूरा बाजार विदेशियों को सौंप दिया है। हमारा किसान कहाँ जायेगा। इसी तरह से सोने, चांदी की कीमतें बढ़ती जा रही हैं। महंगाई आसमान छू रही है। सरकार दावा करती है कि 50 लाख करोड़ का एमयोयू हुआ। लेकिन जमीन पर कितना निवेश उतरा। कितने लोगों को रोजगार मिला। भाजपा चाहती है, इन मुद्दों पर चर्चा न हो इसीलिए सभी पार्टियों और जनता को उलझाये रखना चाहती है।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता तथा पूर्व विधायक के.के. शर्मा ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के समक्ष वरिष्ठ कांग्रेस नेता तथा पूर्व विधायक श्री के.के. शर्मा ने समाजवादी पार्टी की नीतियों में आस्था जताते हुए समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

उन्होंने सन् 2027 के चुनाव में अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने का भी संकल्प लिया। के.के. शर्मा के साथ सर्वश्री अनन्त शर्मा, सुभाष शर्मा, हरदीप भाटी, सुधीर भाटी, सतेन्द्र त्यगी, हर्ष त्यागी, बाबूराम त्यागी, रिटायर्ड कर्नल अमरदीप त्यागी, अंकित शर्मा, पिन्टू चौधरी, अमित चौधरी, पंकज शर्मा, सचिन शर्मा, धर्मेन्द्र शर्मा, शरद शर्मा, रविकान्त शर्मा, अनिल कुमार, राजा शर्मा तथा कपिल कात्यायन भी समाजवादी पार्टी में शामिल हुए। अखिलेश यादव ने समाजवादी पार्टी में शामिल साथियों का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि समाजवादी पार्टी को मजबूत बनाने में एकजुट होकर काम करेंगे।

           

Post a Comment