BREAKING NEWS

Big story

News

मतदाता सूची को त्रुटिरहित, अद्यतन एवं पारदर्शी बनाने की कार्यवाही जारी

मतदाता सूची को त्रुटिरहित, अद्यतन एवं पारदर्शी बनाने की कार्यवाही निरंतर जारी

मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश

लखनऊ, 16 फरवरी, 2026 : उत्तर प्रदेश में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के अंतर्गत मतदाता सूची को त्रुटिरहित, अद्यतन एवं पारदर्शी बनाने की कार्यवाही निरंतर जारी है।

विगत एसआईआर 2003 से मैपिंग न होने के कारण 1.04 करोड़ मतदाताओं को नोटिस जारी किए जा रहे हैं। ऐसे मतदाताओं को सुनवाई के दौरान भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित जन्मतिथि और/या जन्म स्थान को प्रमाणित करने वाले साक्ष्य प्रस्तुत करने होंगे। इसके अतिरिक्त, तार्किक विसंगतियों वाले 2.22 करोड़ मतदाताओं को भी नोटिस जारी किए जा रहे हैं। इन मतदाताओं को केवल संबंधी से सम्बन्धित अभिलेख प्रस्तुत करने की आवश्यकता होगी।

6 जनवरी, 2026 को प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची में नो मैपिंग से संबंधित 1 करोड़ 04 लाख मतदाता तथा तार्किक विसंगतियों से संबंधित कुल 2 करोड़ 22 लाख मतदाता सहित कुल 3 करोड 26 लाख मतदाताओं को नोटिस निर्गत किया जाना है। जिसके क्रम में अब तक कुल 3 करोड़ 23 लाख नोटिस निर्गत किये जा चुके हैं। निर्गत किये गये नोटिसों में से लगभग 1 करोड़ 58 लाख से अधिक  नोटिस संबंधित मतदाताओं को बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा प्राप्त कराये जा चुके हैं। प्राप्त कराये गये नोटिसों में से 90 लाख   नोटिसों पर अधिसूचित प्राधिकारियों द्वारा सुनवायी भी की जा चुकी है।

इस प्रक्रिया को सुचारू रूप से सम्पन्न कराने एवं मतदाताओं की सुविधा के लिए प्रदेश में नोटिसों की सुनवायी हेतु कुल 13 हजार 161 अधिकारी नियुक्त हैं, जिसमें 403 निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) तथा 12 हजार 758 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (एईआरओ) नियुक्त हैं।

विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के प्रारंभ में प्रदेश में 2042 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (एईआरओ) नियुक्त थे। इसके पश्चात क्रमिक रूप से अधिसूचना दिनांक 30.12.2025 द्वारा 6,948 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तथा अधिसूचना दिनांक 13.02.2026 द्वारा 3,768 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अतिरिक्त रूप से नियुक्त किये गये हैं। मतदाता सुनवाई के दौरान स्वयं उपस्थित होकर अथवा अपने अधिकृत प्रतिनिधि के माध्यम से निर्धारित अभिलेख प्रस्तुत कर सकते हैं।

वाराणसी भ्रमण के दौरान अर्हता तिथि 01.01.2026 के आधार पर संचालित विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा

जनपद वाराणसी भ्रमण के दौरान अर्हता तिथि 01.01.2026 के आधार पर संचालित विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा की गयी। इस क्रम में 389-वाराणसी दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र के कम्पोजिट विद्यालय कबीर चौरा स्थित नोटिस सुनवाई केंद्र का निरीक्षण किया गया। 

निरीक्षण के दौरान नोटिस सुनवाई केंद्र पर उपलब्ध सुविधाओं, कार्यप्रणाली, शिकायत निस्तारण व्यवस्था एवं नागरिकों को प्रदान की जा रही सेवाओं का जायजा लिया गया। केंद्र पर उपस्थित नागरिकों एवं मतदाताओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने गये तथा संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गये। 

नोटिस सुनवाई केंद्रों पर आने वाले नागरिकों के साथ शालीन व्यवहार, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने पर विशेष बल दिया गया। लोकतंत्र की मज़बूती मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी से ही संभव है और प्रशासन का दायित्व है कि प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदान के अधिकार के प्रयोग में कोई असुविधा न हो। जिला निर्वाचन अधिकारी को विभिन्न स्थानों पर मतदाता जागरूकता कैम्प लगाने के निर्देश दिए, जिससे अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल किया जा सके।

नोटिस सुनवाई केंद्रों पर सुनवाई के लिए अधिक संख्या में नागरिक उपस्थित हो रहे हैं, जिसके लिए जिला प्रशासन को यह निर्देश दिए गये कि मतदाताओं की सुविधा हेतु प्रत्येक मतदान केन्द्र पर मतदाता सहायता केन्द्र तथा हेल्प डेस्क स्थापित कराते हुये आवश्यकतानुसार व्यवस्थाएँ सुनिश्चित करायी जायें, जिससे उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।

मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करके उन्हें नोटिस चरण/सुनवाई प्रक्रिया की जानकारी दी गयी।  बैठक में राजनैतिक दलों आम आदमी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी, भारतीय जनता पार्टी, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी(मार्क्सवादी), भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस, समाजवादी पार्टी तथा अपना दल(सोनेलाल) के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। उपस्थित राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से वार्ता कर उनके सुझाव लिए गये एवं उक्त प्रक्रिया में उनके द्वारा दिए जा रहे सहयोग की सराहना भी की गयी।

नोटिस सुनवाई केंद्र के निरीक्षण के उपरांत सांस्कृतिक संकुल, चौकाघाट, वाराणसी में आयोजित संवाद कार्यक्रम में विधानसभा क्षेत्रों 384-पिन्डरा, 385-अजगरा(अ0जा0), 386-शिवपुर, 387-रोहनिया, 388-वाराणसी उत्तरी, 389-वाराणसी दक्षिणी, 390-वाराणसी कैण्टोन्मेन्ट तथा 391-सेवापुरी के बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजरों तथा निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों से मतदाता सूची के अद्यतन कार्य, नए मतदाताओं के पंजीकरण, नाम संशोधन, स्थानांतरण एवं विलोपन से संबंधित कार्यों की समीक्षा की गयी। इस अवसर बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजरों, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों तथा निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों से संवाद करते हुए कार्य में हो रही तकनीकी तथा व्यवहारिक कठिनाईयों को जानने का प्रयास किया गया। बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजरों, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों तथा निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा अपने अनुभव भी साझा किए गये। निष्पक्ष, पारदर्शी और त्रुटिरहित विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 की प्रक्रिया सुनिश्चित करने में बूथ लेवल अधिकारियों, बीएलओ सुपरवाइजरों, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों तथा निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। जनपद में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 24 बूथ लेवल अधिकारियों, 08 बी0एल0ओ0 सुपरवाइज़रों, 02 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों तथा 01 निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को प्रशस्ति पत्र एवं उपहार भेंट कर सम्मानित भी किया गया। 

मण्डलायुक्त वाराणसी/रोल प्रेक्षक तथा जिला निर्वाचन अधिकारी, वाराणसी की उपस्थिति में समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के साथ पृथक से समीक्षा बैठक भी की गयी। समीक्षा के दौरान नोटिस को मतदाताओं को समय से प्राप्त कराये जाने तथा सुनवाई में तेजी लाने के निर्देश दिये गये। छूटे हुए अर्ह नागरिकों से त्रुटिरहित फार्म-6 भरवाये जाने के भी निर्देश दिये गये। 

जनपद में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम की प्रगति संतोषजनक पायी गयी। भविष्य में भी इसी प्रकार सजगता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते रहने के निर्देश दिए गये। इस अवसर पर मण्डलायुक्त वाराणसी/रोल प्रेक्षक, जिला निर्वाचन अधिकारी वाराणसी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी, वाराणसी, समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, बी0एल0ओ0, सुपरवाइजर तथा बूथ लेवल अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment