BREAKING NEWS

Big story

News

बिजनौर : अतिक्रमण हटाओ अभियान का असर, दुकानदारों ने खुद हटाए अस्थायी निर्माण

बिजनौर : अतिक्रमण हटाओ अभियान का असर, दुकानदारों ने खुद हटाए अस्थायी निर्माण

रिपोर्ट : शकील अहमद, बिजनौर 

बिजनौर : शहर में आए दिन लगने वाले जाम से लोगों को निजात दिलाने के लिए प्रशासन और नगर पालिका परिषद की ओर से चलाए गए अतिक्रमण हटाओ अभियान का असर अब दिखाई देने लगा है। सोमवार को हुई कार्रवाई के बाद मंगलवार को बुल्ला चौराहे से मोईन के चौराहे तक दुकानदारों ने स्वयं अपनी दुकानों के बाहर किए गए अस्थायी निर्माण और अन्य अतिक्रमण को हटाना शुरू कर दिया। इससे प्रशासन की मुहिम में अब आम नागरिक और व्यापारी भी सहभागी बनते नजर आ रहे हैं।

बिजनौर : अतिक्रमण हटाओ अभियान का असर, दुकानदारों ने खुद हटाए अस्थायी निर्माण

शहर के इस मार्ग पर अतिक्रमण के कारण सड़क की चौड़ाई कम हो जाने से अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती थी। विशेषकर स्कूलों की छुट्टी के समय यातायात का दबाव बढ़ने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। विद्यार्थियों, अभिभावकों, राहगीरों और वाहन चालकों को जाम में फंसना पड़ता था।

सोमवार को नगर पालिका परिषद की टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की थी। इसके बाद मंगलवार को कई दुकानदारों ने प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार किए बिना स्वयं अस्थायी निर्माण और दुकान के बाहर रखे सामान को हटाकर रास्ता साफ किया।

मुस्लिम व्यापारियों की इस पहल को जागरूकता की मिसाल के तौर पर देखा जा रहा है। व्यापारियों ने कहा कि वे कानून और प्रशासन का पूरा सम्मान करते हैं। शहर को जाम और अतिक्रमण से मुक्त रखने के लिए व्यापारी प्रशासन के साथ सहयोग करने को तैयार हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि व्यापारी और आम नागरिक इसी तरह स्वयं आगे आकर सहयोग करते रहें तो शहर में यातायात व्यवस्था बेहतर हो सकती है और खासकर स्कूलों की छुट्टी के समय लगने वाले जाम से लोगों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।

Post a Comment