बिजनौर : कानून एवं शांति व्यवस्था सर्वोपरि, अफवाह फैलाने वालों को चिह्नित कर होगी कड़ी कार्रवाई : जिलाधिकारी
त्योहारों के दौरान सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वालों के विरुद्ध होगी सख्त कार्रवाई, केवल लाइसेंसधारी दुकानदार ही करेंगे पटाखों की बिक्री
रिपोर्ट : शकील अहमद, बिजनौर
बिजनौर, 14 अक्टूबर। जिलाधिकारी उमेश प्रताप सिंह ने बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा विदुर सभागार में शारदीय नवरात्र, दुर्गा पूजा एवं दशहरा पर्व के दृष्टिगत कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में विभिन्न थाना क्षेत्रों से आए गणमान्य नागरिकों तथा पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि अफवाह फैलाने, सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने तथा शांति व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने वाले व्यक्तियों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी त्योहार आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाए जाएं। रावण दहन के दौरान निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए तथा जनहानि की आशंका उत्पन्न करने वाले विस्फोटक पदार्थों एवं पटाखों का प्रयोग न किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि रामलीला आयोजक कार्यक्रमों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था का विशेष ध्यान रखें और यह सुनिश्चित करें कि रेलवे ट्रैक के नजदीक के स्थानो, नदी के किनारे, हाई टेंशन वायर के समीप व किसी तालाब के निकट रावण दहन न कराया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि पटाखों की बिक्री केवल लाइसेंस प्राप्त दुकानदारों द्वारा ही की जाएगी। जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि अवैध रूप से पटाखों एवं विस्फोटक सामग्री का भंडारण अथवा विक्रय करने वालों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें।
उन्होंने सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक एवं आपत्तिजनक सामग्री पर भी सतर्क निगरानी रखने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी व्यक्ति द्वारा अफवाह फैलाकर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास किए जाने पर उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि त्योहारों के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाए और आमजन की सुरक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित की जाएं।
पुलिस अधीक्षक के.के. विश्नोई ने कहा कि जनपद में सभी त्योहार शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराए जाएंगे। उन्होंने बताया कि पूर्व में चलाए गए अभियान के अंतर्गत मस्जिदों, मंदिरों एवं गुरुद्वारों से लगभग 2,550 लाउडस्पीकर उतरवाए गए हैं। यह कार्रवाई शासन एवं माननीय न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में की गई है। उन्होंने कहा कि रामलीला मंचन के दौरान फूहड़ नृत्य अथवा अन्य आपत्तिजनक कार्यक्रम आयोजित नहीं किए जाने चाहिए। नियमों का उल्लंघन करने वालों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दुर्गा पूजा एवं अन्य संबंधित आयोजनों के दौरान जनपद में कुल 117 शोभायात्राएं निकाली जाती हैं, जबकि 85 स्थानों पर रावण दहन का आयोजन होता है। इसके अतिरिक्त 25 स्थानों पर महर्षि वाल्मीकि शोभायात्राएं निकाली जाती हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं आयोजकों से इन सभी कार्यक्रमों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने तथा प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की।
उन्होंने तहसील नजीबाबाद क्षेत्र में ई-रिक्शा संचालन के संबंध में बनाई गई नई व्यवस्था की जानकारी देते हुए आमजन से उसमें सहयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून सभी के लिए समान है तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले दोषियों के विरुद्ध बिना किसी भेदभाव के कार्रवाई की जाएगी।
बैठक का संचालन अपर जिलाधिकारी प्रशासन अंशिका दीक्षित ने किया। विभिन्न थाना क्षेत्रों से आए गणमान्य नागरिकों ने अपने विचार रखते हुए कहा कि उनके क्षेत्रों में सभी त्योहार आपसी प्रेम, भाईचारे एवं सौहार्द के साथ मनाए जाते हैं। उन्होंने कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की तथा प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी रणविजय सिंह, एएसपी सिटी, एएसपी ग्रामीण, एएसपी पूर्वी, विभिन्न तहसीलों से आए उप जिलाधिकारी, अन्य विभागीय अधिकारी तथा विभिन्न थाना क्षेत्रों के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।






Post a Comment