BREAKING NEWS

Big story

News

बिजनौर : लाउडस्पीकर की कार्रवाई से पहले मस्जिद कमेटी से संपर्क करें: जमीयत उलेमा-ए-हिंद

बिजनौर : लाउडस्पीकर की कार्रवाई से पहले मस्जिद कमेटी से संपर्क करें : जमीयत उलेमा-ए-हिंद

रिपोर्ट शकील अहमद बिजनौर 

नजीबाबाद में मुअज्जिन को जेल भेजने के मामले में जताई चिंता, जिला प्रशासन को सौंपा ज्ञापन

बिजनौर जिले की मस्जिदों में लाउडस्पीकर से अजान देने के मामले में निर्धारित ध्वनि मानकों का पालन कराने और कार्रवाई से पहले मस्जिद कमेटी से संपर्क करने की मांग को लेकर जमीयत उलेमा-ए-हिंद की जिला इकाई ने एसपी को ज्ञापन सौंपा। सोमवार को संगठन के बैनर तले दर्जनों लोग एकत्र होकर एसपी कार्यालय पहुंचे और प्रशासन के समक्ष अपनी मांगें रखीं।

बिजनौर : लाउडस्पीकर की कार्रवाई से पहले मस्जिद कमेटी से संपर्क करें: जमीयत उलेमा-ए-हिंद

ज्ञापन में जमीयत उलेमा-ए-हिंद जिला बिजनौर इकाई ने कहा कि जिले की तमाम मस्जिदों में शासन की ओर से निर्धारित ध्वनि मानकों के अनुसार धार्मिक फरीजा अजान अदा की जा रही है। संगठन ने प्रशासन से मांग की कि सभी थाना प्रभारियों को शासन द्वारा तय ध्वनि मानकों के अनुरूप ही कार्रवाई करने के निर्देश दिए जाएं।

नजीबाबाद की घटना का भी किया जिक्र

ज्ञापन में नजीबाबाद की एक मस्जिद के मुअज्जिन को तेज आवाज में अजान देने के आरोप में पुलिस द्वारा जेल भेजे जाने के मामले का भी उल्लेख किया गया। संगठन ने कहा कि भविष्य में इस तरह की पुनरावृत्ति नहीं होनी चाहिए। मुअज्जिन और इमाम मस्जिद कमेटी के अधीन कार्य करते हैं। ऐसे में यदि कहीं अजान की आवाज निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाई जाती है तो किसी भी कार्रवाई से पहले संबंधित मस्जिद कमेटी से संपर्क किया जाना चाहिए।

जमीयत ने कहा कि उसका उद्देश्य शासन के नियमों और उच्च न्यायालय के निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराना है। साथ ही जिले में आपसी भाईचारा, शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में जिला प्रशासन को पूरा सहयोग देने का भरोसा भी दिलाया।

संगठन ने ज्ञापन में उठाए गए बिंदुओं पर गंभीरता से विचार करने और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी करने की मांग की। इस मौके पर मुफ्ती शमसुद्दीन, हाफिज अली हसन, मुफ्ती ओवैस अकरम, मोहम्मद तैयब, मोहम्मद इमरान समेत कई लोग मौजूद रहे।

Post a Comment