BREAKING NEWS

Big story

News

बिजनौर : पेट्रोलियम टैंकर मालगाड़ी के दो पहिए पटरी से उतरे, रेलवे में मचा हड़कंप

बिजनौर : पेट्रोलियम टैंकर मालगाड़ी के दो पहिए पटरी से उतरे, रेलवे में मचा हड़कंप

रिपोर्ट : शकील अहमद, बिजनौर 

बिजनौर : नजीबाबाद आदर्श नगर क्षेत्र स्थित पेट्रोलियम डिपो के निकट शुक्रवार शाम पेट्रोलियम पदार्थ लेकर मुरादाबाद की ओर जा रही टैंकर मालगाड़ी के एक वैगन के दो पहिए पटरी से उतर गए। पेट्रोलियम पदार्थ से भरे टैंकरों वाली मालगाड़ी के डिरेल होने की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।

पेट्रोलियम टैंकर मालगाड़ी के दो पहिए पटरी से उतरे, रेलवे में मचा हड़कंप

घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे की तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और डिरेल हुए वैगन को दोबारा पटरी पर लाने के साथ ही ट्रैक को सुरक्षित एवं दुरुस्त करने का काम शुरू कर दिया। पेट्रोलियम पदार्थ से भरे टैंकर होने के कारण रेलवे प्रशासन ने घटना को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए।

बताया गया कि पेट्रोलियम डिपो के निकट पहुंचने के दौरान मालगाड़ी के एक वैगन के दो पहियों के पटरी से उतरने की घटना हुई। हालांकि, राहत की बात यह रही कि किसी टैंकर को नुकसान नहीं पहुंचा और पेट्रोलियम पदार्थ के रिसाव की भी कोई सूचना नहीं है। इससे बड़ी दुर्घटना टल गई।

आउटर ट्रैक होने से यात्री ट्रेनों पर नहीं पड़ा असर

रेलवे स्टेशन अधीक्षक आरडी मीणा ने बताया कि तकनीकी टीम ट्रैक बहाली के कार्य में जुटी है। उन्होंने बताया कि घटना जिस ट्रैक पर हुई, वह आउटर ट्रैक है। इस कारण अन्य यात्री ट्रेनों का संचालन प्रभावित नहीं हुआ और रेल यातायात सामान्य रहा। रेलवे कर्मचारियों की टीम डिरेल हुए वैगन के पहियों को दोबारा पटरी पर लाने और ट्रैक की सुरक्षा सुनिश्चित करने में जुटी रही।

पेट्रोलियम टैंकर होने से बढ़ी चिंता

आदर्श नगर क्षेत्र में पेट्रोलियम डिपो स्थित होने के कारण यह क्षेत्र सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील माना जाता है। डिपो तक पेट्रोलियम पदार्थ पहुंचाने के लिए रेलवे के जरिए टैंकर मालगाड़ियों का संचालन किया जाता है।

ऐसे में पेट्रोलियम पदार्थ से लदी मालगाड़ी के पहिए पटरी से उतरने की घटना से आसपास के लोगों और रेलवे कर्मचारियों में चिंता पैदा हो गई। यदि टैंकर क्षतिग्रस्त होते या पेट्रोलियम पदार्थ का रिसाव होता तो स्थिति गंभीर हो सकती थी। हालांकि, फिलहाल किसी बड़े हादसे या नुकसान की सूचना नहीं है।











Post a Comment