बिजनौर : बुलडोजर से तहसील प्रशासन ने सरकारी भूमि को कब्जा मुक्त कराया
रिपोर्ट शकील अहमद बिजनौर
तहसील दिवस में प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्यवाही करते हुए तहसील प्रशासन ने सरकारी भूमि को कब्जा मुक्त किया
संयुक्त राजस्व एवं पुलिस टीम द्वारा सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाया गया, जल निकासी की समस्याओं का समाधान
जिलाधिकारी बिजनौर के निर्देशन में तहसील दिवस में प्राप्त शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण हेतु तहसील सदर में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीमों का गठन किया गया है। इन टीमों द्वारा सरकारी भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराने तथा आमजन की समस्याओं का स्थल पर ही समाधान कराने की कार्यवाही की जा रही है।
इसी क्रम में नायब तहसीलदार अतुल भगत की अध्यक्षता में गठित टीम ग्राम तकीपुरा में राजस्व अभिलेखों में रास्ते के रूप में दर्ज गाटा संख्या 101 तथा नाली के रूप में दर्ज गाटा संख्या 100 पर किए गए अतिक्रमण को राजस्व एवं पुलिस टीम की उपस्थिति में हटवाया गया।
ग्राम इस्सापुर में सरकारी नाली पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटवाकर नाली को कब्जामुक्त कराया गया, जिससे ग्राम में जल निकासी की समस्या का समाधान हो गया है।
इसी प्रकार नायब तहसीलदार विवेक खैवाल की अध्यक्षता में गठित टीम द्वारा भारत विहार कॉलोनी में पानी निकासी की समस्या का स्थलीय निरीक्षण कर समाधान कराया गया।
इसके अतिरिक्त ग्राम इस्लामपुर लाला उर्फ जुड्डी से प्राप्त शिकायत, जिसमें प्रार्थिनी द्वारा अवगत कराया गया था कि पड़ोसियों द्वारा रास्ते में सीमेंट का पाइप दबाकर एवं मिट्टी डालकर उनके घेर के पानी तथा वर्षा जल की निकासी अवरुद्ध कर दी गई है, पर संयुक्त टीम द्वारा स्थलीय निरीक्षण कर अवरोध हटवाया गया तथा जल निकासी सुचारु कराते हुए शिकायत का निस्तारण किया गया।
जिलाधिकारी महोदय के निर्देशन में संयुक्त कार्यवाही इसी प्रकार निरंतर जारी रहेगी।

Post a Comment