बिजनौर - चोरी और पुलिस टीम पर हमले से जुड़े मामलों में 2 आरोपी गिरफ्तार
रिपोर्ट : शकील अहमद, बिजनौर
बिजनौर के थाना कोतवाली शहर पुलिस ने चोरी और पुलिस टीम पर हमले से जुड़े मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण, दो बैटरे और वारदात में इस्तेमाल किया गया अवैध चाकू बरामद हुआ है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों से पूछताछ में कई वारदातों का खुलासा हुआ है।
दरअसल, 28-29 अगस्त की रात बालाजी धाम कॉलोनी में एक बंद मकान का ताला तोड़कर सोने का मंगलसूत्र, दो अंगूठियां, चांदी की पायल, बिजली फिटिंग का सामान, नकदी और मोबाइल चोरी किया गया था। इस मामले में कोतवाली शहर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। वहीं 6 सितंबर को ग्राम गंज में पुलिस टीम पर ईंट-पत्थर, कांच की बोतलों और धारदार हथियार से हमला करने का मामला भी सामने आया था।
पुलिस के मुताबिक इस दौरान एक पुलिसकर्मी की गर्दन पर धारदार हथियार से वार किया गया था। इस मामले में भी मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके अलावा ग्राम खारी में एक दुकान का ताला तोड़कर दो बैटरे, प्रिंटर और चार हजार रुपये चोरी किए जाने का मामला दर्ज हुआ था। पुलिस ने इन मामलों की जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर 21 सितंबर को मुस्तफाबाद बायपास के पास से शावेज को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक शावेज के कब्जे से एक मंगलसूत्र, पुरुषों की एक अंगूठी, महिलाओं की एक अंगूठी और एक जोड़ी पाजेब बरामद हुई। साथ ही पुलिस टीम पर हमले में इस्तेमाल किया गया अवैध चाकू भी बरामद किया गया। पूछताछ के आधार पर पुलिस ने असलम नाम के आरोपी को भी गिरफ्तार किया, जिसके कब्जे से चोरी के दो बैटरे बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार पूछताछ में सामने आया कि चोरी किए गए बैटरे शावेज और उसके भाई जावेद ने असलम को बेचे थे। पुलिस ने बताया है कि पूछताछ में शावेज ने अपने भाई जावेद के साथ बालाजी धाम कॉलोनी में चोरी करने की बात स्वीकार की। आरोपी के मुताबिक चोरी किए गए आभूषण उसके पास थे, जिन्हें वह बेचने के लिए ले जा रहा था। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने करीब 20 दिन पहले आरटीओ गेट के पास एक दुकान से दो बैटरे और चार हजार रुपये चोरी करने की बात भी बताई। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी के बैटरों की बरामदगी की है। बरामदगी और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने संबंधित मुकदमों में धाराओं की बढ़ोतरी की है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुटी है।

Post a Comment