बिजनौर : भैंस चोरी के मामले में पुलिस मुठभेड़, दो बदमाश घायल, तीन गिरफ्तार
रिपोर्ट : शकील अहमद, बिजनौर
बिजनौर के अफजलगढ़ थाना पुलिस ने भैंस चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस मुठभेड़ के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक मुठभेड़ में दो आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हुए हैं, जबकि तीसरे आरोपी को पीछा कर पकड़ा गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस का एक सिपाही भी घायल हुआ।
पुलिस के अनुसार, 16 सितंबर को बेगम सराय निवासी इकरामुद्दीन ने थाने में तहरीर देकर बताया था कि उसकी दो भैंसें अज्ञात चोर चोरी कर ले गए। मामले में थाना अफजलगढ़ में बीएनएस की धारा 305(ए) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
17 सितंबर की रात अफजलगढ़ पुलिस हरेवली रोड पर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि भैंस चोरी के मुकदमे से संबंधित पिकअप वाहन चोरी की गई भैंसों को लेकर इधर से गुजरने वाला है। पुलिस ने वाहन को रोकने का प्रयास किया तो चालक तेज रफ्तार से पिकअप लेकर बिरला फार्म की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर भागने लगा।
पुलिस के मुताबिक, पिकअप सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। इसके बाद वाहन में सवार बदमाश नीचे उतरकर पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए भागने लगे। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दो आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गए। तीसरे आरोपी को पुलिस ने पीछा कर पकड़ लिया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस पार्टी में शामिल कांस्टेबल मोहित भी घायल हुआ।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान साकिब पुत्र रहीस निवासी रुड़की, थाना सिविल लाइन, जनपद हरिद्वार, इरशाद पुत्र राशिद निवासी ग्राम नया गांव, थाना कांठ, जनपद बिजनौर और शहजाद पुत्र शौकत निवासी बंडा रोड, रुड़की, थाना सिविल लाइन, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई।
पुलिस का कहना है कि तीनों आरोपियों ने बेगम सराय से दो भैंस चोरी करने की बात स्वीकार की है। घायल आरोपियों और पुलिसकर्मी को उपचार के लिए सीएचसी अफजलगढ़ भेजा गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई भैंसों के साथ घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन यूपी 08 सीपी 5829, दो अवैध तमंचे .315 बोर, चार जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद करने का दावा किया है।
मुठभेड़ के संबंध में थाना अफजलगढ़ में पुलिस की ओर से अलग मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं चोरी की गई दोनों भैंसों की बरामदगी के आधार पर दर्ज मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस के अनुसार मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है
बाइट : अमित किशोर श्रीवास्तव, अपर पुलिस अधीक्षक बिजनौर

Post a Comment