प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन संकल्प सेवा के रूप में 75000 दीप रोशन कर मनाया गया
इस शुभ अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बुजुर्गों ने आशीर्वाद दिया जबकि युवाओं और बच्चों ने उनको दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की शुभकामनाएं दी
संकल्प सेवा अभियान के तहत जनपद में प्रज्वलित किए गए 75 हजार आशीर्वाद के दीप
रिपोर्ट : शकील अहमद, बिजनौर
बिजनौर 17 सितंबर : संकल्प सेवा अभियान के अंतर्गत गुरुवार को जनपद में जनसहभागिता के साथ 75 हजार आशीर्वाद के दीप प्रज्वलित किए गए। इस अवसर पर जिले के विभिन्न निर्धारित स्थलों पर बड़ी संख्या में आमजन, अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं पार्टी पदाधिकारियों ने सहभागिता करते हुए दीप प्रज्वलित किए।
गंगा बैराज पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम में जिलाधिकारी जसजीत कौर, भाजपा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष सुभाष वाल्मीकि, मुख्य विकास अधिकारी रणविजय सिंह सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी, पार्टी पदाधिकारी, प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। गंगा बैराज पर 10 हजार दीप प्रज्वलित कर वातावरण को दीपों की रोशनी से जगमग किया गया। इस अवसर पर विधिवत रूप से गंगा पूजन व गंगा आरती हुई। जिसमें सभी ने बड़े उत्साह से भाग लिया।
जनपद के अन्य 26 निर्धारित स्थलों पर भी जनसहभागिता के साथ प्रत्येक स्थल पर 2,500 दीप प्रज्वलित किए गए। इस प्रकार जनपद में कुल 75 हजार दीप प्रज्वलित कर सेवा, सद्भावना एवं जनभागीदारी का संदेश दिया गया।
उल्लेखनीय है कि 17 सितंबर को भारत सरकार के माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का जन्मदिवस भी है। इस अवसर पर कार्यक्रम में बुजुर्गों ने प्रधानमंत्री जी को अपना आशीर्वाद प्रदान किया, जबकि बच्चों एवं युवाओं ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके दीर्घायु, स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
संकल्प सेवा अभियान आगामी 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत जनपद में विभिन्न सेवा एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों का आयोजन जनसहभागिता के साथ किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को सेवा एवं सामाजिक सरोकारों से जोड़ते हुए सामूहिक सहभागिता को बढ़ावा देना है।
गंगा बैराज पर आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने दीप प्रज्वलित कर सेवा और जनकल्याण की भावना के साथ अभियान में सक्रिय सहभागिता का संकल्प लिया।

Post a Comment