BREAKING NEWS

Big story

News

बिजनौर : मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ की 26 बीघा जमीन हड़पने की साजिश, लेखपाल समेत चार के खिलाफ मुकदमा

बिजनौर : मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ की 26 बीघा जमीन हड़पने की साजिश, लेखपाल समेत चार के खिलाफ मुकदमा

रिपोर्ट : शकील अहमद बिजनौर

बिजनौर : मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के पिता स्वर्गीय महेंद्रनाथ की नजीबाबाद तहसील क्षेत्र के अमीखानपुर गांव स्थित जमीन को कथित फर्जी दस्तावेजों के जरिए हड़पने के प्रयास का मामला सामने आया है। करीब 90 बीघा जमीन में से 26 बीघा भूमि को अपने नाम कराने की कथित साजिश के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं, हल्का लेखपाल समेत दो अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस के अनुसार, मामले में फर्जी वसीयत और मृत्यु प्रमाणपत्र का इस्तेमाल कर राजस्व अभिलेखों में जमीन पर दावा करने का प्रयास किया गया।

बिजनौर : मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ की 26 बीघा जमीन हड़पने की साजिश, लेखपाल समेत चार के खिलाफ मुकदमा

एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई के अनुसार, पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ की शिकायत पर नजीबाबाद थाने में मामला दर्ज किया गया है। शिकायत के मुताबिक, उनके पिता महेंद्रनाथ की अमीखानपुर में करीब 90 बीघा कृषि भूमि है। कमलनाथ ने 18 मई 2026 को नजीबाबाद तहसीलदार न्यायालय में जमीन की विरासत दर्ज कराने के लिए आवेदन किया था। इसी दौरान लेखपाल की रिपोर्ट में संबंधित 26 बीघा भूमि को विवादित बताया गया।

इसके बाद जानकारी सामने आई कि तहसीलदार न्यायालय में उक्त जमीन को लेकर धर्मपाल बनाम ग्राम सभा वाद चल रहा है। पुलिस के मुताबिक, इस मामले में धर्मपाल सिंह की ओर से एक वसीयत दाखिल की गई थी, जिसे शिकायतकर्ता पक्ष ने फर्जी बताया है। पुलिस के अनुसार यह वसीयत पंजीकृत भी नहीं थी।

2003 का मृत्यु प्रमाणपत्र, जबकि मौत 2004 में होने का दावा

मामले में महेंद्रनाथ का एक मृत्यु प्रमाणपत्र भी सामने आया। पुलिस के अनुसार यह प्रमाणपत्र नजीबाबाद से 10 अप्रैल 2003 को जारी हुआ था, जबकि कमलनाथ की शिकायत में उनके पिता की मृत्यु सात सितंबर 2004 को दिल्ली में होने की बात कही गई है। इसी अंतर को आधार बनाकर दस्तावेजों की सत्यता पर सवाल उठाए गए और पुलिस ने जांच शुरू की।

शिकायत में धर्मपाल सिंह निवासी महावतपुर, जसबिंदर सिंह ढिल्लो, विजय शंकर पांडेय और हल्का लेखपाल डेविड कुमार पर कथित रूप से साजिश रचकर जमीन को फर्जी तरीके से अपने नाम कराने और बाद में बेचने का प्रयास करने का आरोप लगाया गया है।

दो आरोपी गिरफ्तार, दो की तलाश

पुलिस ने मामले में धर्मपाल सिंह और विजय शंकर पांडेय को गिरफ्तार किया है। एसपी के मुताबिक, पूछताछ में सामने आया कि विजय शंकर ने कथित फर्जी वसीयत टाइप की थी। वहीं, जसबिंदर सिंह ढिल्लो और लेखपाल डेविड कुमार की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

90 बीघा जमीन बटाई पर दी गई थी

पुलिस के अनुसार, अमीखानपुर मौजा में महेंद्रनाथ के नाम करीब 90 बीघा जमीन है, जिसे बटाई पर दिया गया था। लंबे समय से जमीन के संबंध में परिवार की ओर से स्थानीय स्तर पर सक्रियता नहीं होने का आरोप है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि 26 बीघा भूमि के अलावा बाकी जमीन को लेकर भी किसी तरह का फर्जीवाड़ा या कब्जे का प्रयास तो नहीं किया गया।

लेखपाल की भूमिका भी जांच के घेरे में

मामले में राजस्व अभिलेखों और लेखपाल की रिपोर्ट को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है। एसपी के मुताबिक, आरोपियों ने जमीन पर अपना दावा स्थापित करने के लिए राजस्व और न्यायालयीन प्रक्रिया का सहारा लेने का प्रयास किया। पुलिस अब कथित फर्जी वसीयत, मृत्यु प्रमाणपत्र, लेखपाल की रिपोर्ट और तहसीलदार न्यायालय में दाखिल दस्तावेजों की जांच कर रही है।

एसडीएम नजीबाबाद शैलेंद्र कुमार सिंह के अनुसार

फर्जी वसीयत और दाखिल-खारिज से संबंधित तहसीलदार न्यायालय का मामला संज्ञान में आया है। राजस्व विभाग से संबंधित इस प्रकरण में भूस्वामी पक्ष की ओर से प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

Post a Comment