बरेली-मुरादाबाद स्नातक शिक्षक MLC चुनाव : सपा उम्मीदवार मो. दानिश अख्तर का शिक्षक वोटरों में धांधली का आरोप
रिपोर्ट शकील अहमद बिजनौर
बिजनौर : बरेली-मुरादाबाद खंड स्नातक शिक्षक निर्वाचन (MLC चुनाव) को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार मोहम्मद दानिश अख्तर ने एक बयान जारी कर चुनाव में शिक्षक मतदाताओं की वोटर लिस्ट में धांधली का आरोप लगाया है।
5 तारीख को करेंगे नामांकन - दानिश अख्तर
सपा उम्मीदवार मो. दानिश अख्तर ने कहा, "एमएलसी चुनाव शुरू हो गया है और हम 5 तारीख को नामांकन करेंगे। हम लोगों ने चुनाव में शिक्षक मतदाताओं में धांधली को लेकर कई अधिकारियों को ज्ञापन दिए हैं। यह ज्ञापन निर्वाचन अधिकारियों को भी और जिले के अन्य अधिकारियों को भी दिए गए हैं।"
उन्होंने बताया कि यह 9 जिलों का चुनाव है और इसमें मतदाताओं की सप्लीमेंट्री लिस्ट जारी होनी है और वोटर लिस्ट जारी होनी है।
"पिछली बार मेरे प्रस्तावक का ही वोट काट दिया था"
दानिश अख्तर ने आरोप लगाते हुए कहा, "पिछले चुनाव में जिसमें मैं चुनाव लड़ा था, मेरे प्रस्तावक का नाम भी वोटर लिस्ट से काट दिया गया था।"
उन्होंने जिलाधिकारी और मंडलायुक्त से आग्रह करते हुए कहा, "मैं दोनों जिलों के जिलाधिकारी और मंडल आयुक्त से आग्रह करना चाहता हूं कि यदि किसी शिक्षक मतदाता का सप्लीमेंट्री में वोट काटा भी जाता है तो पहले उसको नोटिस दिया जाना चाहिए। नोटिस के बाद जब वह शिक्षक मतदाता नहीं है, तब उसका वोट काटा जाए।"
उन्होंने कहा कि इस मामले में उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त और जिलाधिकारी को भी पत्र लिखकर अवगत करा दिया है।
वोट काटने की साजिश का आरोप
भारतीय जनता पार्टी पर सीधा आरोप लगाते हुए दानिश अख्तर ने कहा, "मेरे संज्ञान में आया है कि भाजपा ने हमारे मतदाताओं की एक सूची तैयार की है। कुछ सूची के अनुसार जो सप्लीमेंट्री वोटों की सूची आने वाली है, उसमें हमारे वोट काटे जाने की तैयारी है।"
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा, *"अगर हमारे वोटों को काटा गया तो हम न्यायालय में जाएंगे।"*
सपा उम्मीदवार के इस बयान के बाद शिक्षक MLC चुनाव में वोटर लिस्ट को लेकर सियासत गरमा गई है।

Post a Comment