BREAKING NEWS

Big story

News

बिजनौर : गांधी जी व शास्त्री जी की जयंती पर जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट में किया ध्वजारोहण

बिजनौर : गांधी जी व शास्त्री जी की जयंती पर जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट में किया ध्वजारोहण

रिपोर्ट शकील अहमद बिजनौर 

गांधी जी व शास्त्री जी की जयंती पर कलेक्ट्रेट हुआ रामधुन से सराबोर

गांधी व शास्त्री जी के जीवन दर्शन व आदर्शों को आत्मसात कर अमर शहीदों के सपनों के भारत के निर्माण में योगदान दें—जिलाधिकारी

बिजनौर, 02 अक्टूबर। जिलाधिकारी उमेश प्रताप सिंह ने शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती के अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर में ध्वजारोहण किया। इसके उपरांत कलेक्ट्रेट सभागार में महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। कार्यक्रम में राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के साथ गांधी जी के प्रिय भजनों और रामधुन की प्रस्तुति से कलेक्ट्रेट परिसर देशभक्ति एवं राष्ट्रभावना से सराबोर हो गया।

बिजनौर : गांधी जी व शास्त्री जी की जयंती पर जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट में किया ध्वजारोहण











जिलाधिकारी उमेश प्रताप सिंह ने कहा कि महात्मा गांधी जी का जीवन दर्शन और उनके विचार आज भी पूरी तरह प्रासंगिक हैं। सभी को गांधी जी के जीवन दर्शन एवं आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए उन्हें अपने दैनिक जीवन में आत्मसाध करना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा एवं समर्पण के साथ करते हुए अमर शहीदों के सपनों के भारत के निर्माण में अपना योगदान देना चाहिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि महात्मा गांधी जी ने सत्य एवं अहिंसा के सिद्धांतों को अपनाकर देश को नई दिशा प्रदान की। उन्होंने गांधी जी के जीवन वृत्त एवं स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति और सत्य एवं अहिंसा के मार्ग पर अडिग रहने की भावना ने देश को स्वतंत्रता प्राप्ति के आंदोलन में महत्वपूर्ण दिशा दी।

जिलाधिकारी ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शास्त्री जी ईमानदारी, सादगी एवं कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल थे। उन्होंने देश को ‘जय जवान, जय किसान’ का प्रेरणादायी नारा दिया और अपना पूरा जीवन सादगी एवं राष्ट्रसेवा को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि गांधी जी एवं शास्त्री जी जैसे महान व्यक्तित्वों के विचारों एवं आदर्शों को अपने जीवन में अपनाकर ही हम एक बेहतर समाज एवं सशक्त राष्ट्र के निर्माण में योगदान दे सकते हैं।

कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद बिजनौर की अध्यक्ष इंदिरा सिंह ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए बच्चों को प्रोत्साहित किया। उन्होंने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी के सादगीपूर्ण जीवन, उनके आदर्शों तथा देश की आजादी में उनके योगदान के संबंध में विचार व्यक्त किए।

कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने स्कूली छात्राओं को प्रोत्साहित करते हुए उन्हें उपहार भेंट किए तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानी लेखराज को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। स्कूली छात्राओं ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी के जीवन दर्शन एवं आदर्शों पर अपने विचार व्यक्त किए। छात्राओं द्वारा रामधुन, ‘वैष्णव जन तो तेने कहिए’ तथा ‘दे दी हमें आजादी बिना खड़ग बिना ढाल’ सहित विभिन्न देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति दी गई, जिसे उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सराहा।

कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ कोषाधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी सहित अन्य अधिकारियों ने भी महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी के जीवन, विचारों एवं आदर्शों पर अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन अंशिका दीक्षित, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं न्यायिक, वरिष्ठ कोषाधिकारी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी तथा स्कूली छात्राएं उपस्थित रहीं।

Post a Comment