बिजनौर : जिलाधिकारी उमेश प्रताप सिंह ने दिव्यांग जनों को सहायक उपकरण किए वितरित, कलेक्ट में हुआ कार्यक्रम
रिपोर्ट शकील अहमद बिजनौर
गांधी व शास्त्री जयंती पर दिव्यांगजनों को वितरित किए कृत्रिम सहायक उपकरण
दिव्यांगजनों को सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने के लिए शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता- जिलाधिकारी
बिजनौर, 02 अक्टूबर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट परिसर में दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा दिव्यांगजनों के लिए सहायक उपकरण वितरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जिलाधिकारी उमेश प्रताप सिंह ने पहुंचकर दिव्यांगजनों को ट्राईसाईकिल, बैसाखी सहित विभिन्न प्रकार के कृत्रिम एवं सहायक उपकरण वितरित किए।
जिलाधिकारी ने कहा कि दिव्यांगजन समाज का महत्वपूर्ण एवं अभिन्न अंग हैं। उनके जीवन को सुगम बनाने, उन्हें आत्मनिर्भर बनाने तथा समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए सरकार द्वारा विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप सहायक उपकरण उपलब्ध कराने से उनकी दैनिक गतिविधियों में सुविधा होने के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास में भी वृद्धि होती है।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद में पात्र दिव्यांगजनों को शासन द्वारा संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि ऐसे दिव्यांगजन जो अभी तक किसी योजना का लाभ प्राप्त नहीं कर पाए हैं, उनकी पहचान करते हुए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से वंचित न रहे।
उन्होंने विभागीय अधिकारियों से दिव्यांगजनों को उपलब्ध कराए जाने वाले उपकरणों की गुणवत्ता तथा वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश भी दिए।
शिविर में ट्राईसाईकिल, बैसाखी आदि सहायक उपकरण प्राप्त करने वाले दिव्यांगजनों ने प्रसन्नता व्यक्त की और शासन की इस पहल के लिए आभार व्यक्त किया। शिविर के दौरान विभागीय अधिकारियों द्वारा दिव्यांगजनों को उपलब्ध योजनाओं एवं सुविधाओं के संबंध में आवश्यक जानकारी भी दी गई।
इस अवसर पर कलेक्ट्रेट के प्रशासनिक अधिकारी एवं कर्मचारी सहित दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।






Post a Comment