बिजनौर : ऑनलाइन गेमिंग और कर्ज के चलते लूट की झूठी कहानी का खुलासा
रिपोर्ट : शकील अहमद, बिजनौर
बिजनौर के चांदपुर में लूट की झूठी कहानी रचने का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, एक युवक ने मेडिकल स्टोर से रकम निकालने और ऑनलाइन गेमिंग के चलते हुए कर्ज को छिपाने के लिए अपने साथ लूट की फर्जी सूचना दी थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 40 हजार 200 रुपये की नगदी और मोबाइल फोन बरामद किया।
मामला थाना चांदपुर क्षेत्र के ग्राम मंसूरपुर का है। पुलिस के मुताबिक, 14 सितंबर को सुमित कुमार नाम के युवक ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि तीन अज्ञात लोगों ने उसके साथ मारपीट कर उसका मोबाइल फोन और एक लाख चार हजार 500 रुपये लूट लिए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की और आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित की गई। जांच आगे बढ़ी तो पुलिस को घटना पर संदेह हुआ। विवेचना के दौरान सामने आए तथ्यों में कथित लूट की घटना झूठी पाई गई।
पुलिस ने 18 सितंबर को मामले में शिकायतकर्ता सुमित कुमार को ही गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से मोटो G84 मोबाइल फोन और 40 हजार 200 रुपये की नगदी बरामद हुई। पूछताछ में पुलिस के मुताबिक, सुमित ने कपूर मेडिकल स्टोर के गल्ले से मालिक की अनुमति के बिना रुपये निकालने और मेडिकल फर्मों से मिली कलेक्शन की रकम को अपने निजी खातों और ऑनलाइन गेमिंग से जुड़े खातों में जमा करने की बात बताई।
पुलिस के अनुसार, ऑनलाइन गेमिंग और कर्ज के चलते सुमित ने 13 सितंबर को मेडिकल स्टोर स्वामी की गैरमौजूदगी का फायदा उठाकर रकम अपने खातों में जमा की थी। इसके बाद रकम हड़पने की बात छिपाने के लिए उसने अपने साथ लूट की झूठी कहानी बनाई। घटना को वास्तविक दिखाने के लिए उसने अपना मोबाइल फोन और कुछ रुपये भी लूटे जाने की बात कही। पुलिस के मुताबिक, बाद में सुमित ने मोबाइल फोन और 40 हजार 200 रुपये घटनास्थल से पहले चकरोड तिराहे पर लगी शिलापट्टिका के पीछे घास-झाड़ियों में छिपा दिए थे।
पुलिस ने बरामदगी के बाद मुकदमे में लूट की धारा हटाकर धारा 217, 305(ए) और 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
बाईट-कृष्ण कुमार विश्नोई, एसपी बिजनौर

Post a Comment