बिजनौर : संभावित आंधी-तूफान एवं वज्रपात को लेकर नागरिकों से सावधानी बरतने की अपील
संभावित आंधी-तूफान एवं वज्रपात को लेकर प्रशासन सतर्क, नागरिकों से सावधानी बरतने की अपील
खराब मौसम के दौरान विशेष सावधानी बरतें तथा मौसम विभाग एवं जिला प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करें
मोबाइल टावर, विद्युत खंभों, ऊंची इमारतों, धातु की वस्तुओं एवं बिजली के उपकरणों से दूरी बनाए रखें
आपदा से संबंधित किसी भी सूचना, शिकायत, सहायता के लिए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के कंट्रोल रूम नंबर 01342-262031 एवं 01342-262295 पर संपर्क किया जा सकता है
मौसम विभाग, आकाशवाणी, एफएम रेडियो, टेलीविजन एवं जिला प्रशासन द्वारा जारी चेतावनियों एवं एडवाइजरी पर ध्यान दें सुरक्षित रहते हुए लोगों को भी जागरूक करें
रिपोर्ट : शकील अहमद, बिजनौर
बिजनौर, 24 सितम्बर , 2026:- अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) देवेन्द्र पाल सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि मौसम विभाग, उत्तर प्रदेश, लखनऊ द्वारा जनपद बिजनौर में दिनांक 24 सितम्बर से 26 सितम्बर 2026 को भारी वर्षा आंधी तथा वज्रपात की संभावना व्यक्त की गई है। उन्होंने बताया कि जनपद में वर्षा के साथ मेघ गर्जन एवं आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना है। संभावित आपदा की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने तथा आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने जनसामान्य से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान विशेष सावधानी बरतें तथा मौसम विभाग एवं जिला प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करें।
उन्होंने कहा कि वज्रपात के दौरान खुले मैदान, खेत, तालाब, नदी, नहर तथा जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें। पेड़ों के नीचे शरण न लें तथा मजबूत एवं सुरक्षित पक्के भवनों में आश्रय लें।
उन्होंने बताया कि वज्रपात के समय मोबाइल टावर, विद्युत खंभों, ऊंची इमारतों, धातु की वस्तुओं एवं बिजली के उपकरणों से दूरी बनाए रखें। किसानों से विशेष रूप से अपील की गई है कि खराब मौसम के दौरान खेतों में कार्य न करें तथा सुरक्षित स्थान पर चले जाएं। यदि कोई व्यक्ति खुले स्थान पर फंस जाए तो दोनों पैरों को मिलाकर नीचे झुक जाए तथा जमीन पर न लेटे।
उन्होंने कहा कि बिजली चमकने और गर्जन सुनाई देने पर “30-30 नियम” का पालन करें। बिजली चमकने के बाद यदि 30 सेकंड के भीतर गर्जन सुनाई दे तो तत्काल सुरक्षित स्थान पर चले जाएं तथा अंतिम गर्जन के कम से कम 30 मिनट बाद ही बाहर निकलें।
उन्होंने नागरिकों से कहा कि आंधी-तूफान के दौरान घरों की खिड़कियां एवं दरवाजे सुरक्षित रखें, अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें तथा टेलीविजन, कंप्यूटर, रेफ्रिजरेटर, कूलर एवं अन्य विद्युत उपकरणों का उपयोग बंद कर दें। वाहन चला रहे लोग सुरक्षित स्थान पर वाहन रोककर वाहन के भीतर ही रहें तथा पेड़ों एवं विद्युत लाइनों के निकट वाहन खड़ा न करें।
उन्होंने बताया कि वज्रपात अथवा अन्य आपदा से संबंधित किसी भी सूचना, शिकायत अथवा सहायता के लिए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के कंट्रोल रूम नंबर 01342-262031 एवं 01342-262295 पर संपर्क किया जा सकता है। आपातकालीन स्थिति में 112, 101 अथवा चिकित्सा सहायता के लिए 108 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि मौसम विभाग, आकाशवाणी, एफएम रेडियो, टेलीविजन एवं जिला प्रशासन द्वारा समय-समय पर जारी चेतावनियों एवं एडवाइजरी पर ध्यान दें तथा स्वयं सुरक्षित रहते हुए अपने आसपास के लोगों को भी जागरूक करें, ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि एवं पशुहानि को रोका जा सके।

Post a Comment