बिजनौर : शेरकोट में पटाखा कचरे में विस्फोट मामला, घायल रोहन की मौत के बाद पुलिस ने फैक्ट्री संचालक को किया गिरफ्तार
रिपोर्ट : शकील अहमद, बिजनौर
बिजनौर : शेरकोट थाना क्षेत्र के गांव वाजिदपुर में 20 सितंबर को हुए दर्दनाक पटाखा विस्फोट कांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने अवैध रूप से चल रही पटाखा फैक्ट्री के संचालक तस्लीम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
20 सितंबर को वाजिदपुर गांव के दो सगे भाई रोहित और रोहन पुत्र चंद्रवीर जंगल की ओर गए थे। गांव के बाहर बंद पड़े ईंट भट्टे के पास अवैध रूप से पटाखा फैक्ट्री का कूड़ा-कचरा फेंका गया था। इसी कूड़े में पड़े अधजले बारूद और पटाखों में अचानक विस्फोट हो गया।
इस विस्फोट में दोनों भाई गंभीर रूप से झुलस गए थे। दोनों को गंभीर हालत में तत्काल दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान छोटे भाई रोहन की मौत हो गई। वहीं बड़ा भाई रोहित अभी भी जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है और उसका इलाज जारी है।
पुलिस की अब तक की कार्रवाई
एसपी के.के. बिश्नोई के निर्देश पर शेरकोट पुलिस ने इस मामले में सख्त रुख अपनाया है। पुलिस ने इस विस्फोट के लिए जिम्मेदार पटाखा फैक्ट्री के संचालक तस्लीम को गिरफ्तार कर लिया है।
इससे पहले पुलिस दिया फायरवर्क्स और तक फायरवर्क्स / इंडियन आतिशबाजी फैक्ट्री को सील कर चुकी है और इस मामले में यूसुफ और गुफरान नाम के दो आरोपियों को पहले ही जेल भेज चुकी है। पुलिस का कहना है कि वाजिदपुर क्षेत्र में चल रही अन्य सभी पटाखा फैक्ट्रियों की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सभी अवैध फैक्ट्रियों को चिन्हित कर सील करने की कार्रवाई जारी रहेगी।

Post a Comment